आप की बहुमत से भाजपाई मायूस
दिल्ली चुनाव में आम आदमी पार्टी को जीत मिलने से भाजपाई मायूस हैं। नेताओं के बहुमत से जीत के दावे हवा हवाई हो गए। पानीपत में आप कार्यकर्ताओं ने जीत का जश्न मनाया।
जागरण संवाददाता, पानीपत : दिल्ली चुनाव में आम आदमी पार्टी को जीत मिलने से भाजपाई मायूस हैं। नेताओं के बहुमत से जीत के दावे हवा हवाई हो गए। पानीपत में आप कार्यकर्ताओं ने जीत का जश्न मनाया। भाजपा संगठन के पदाधिकारी इस चुनाव परिणाम पर कुछ कहने से बचते रहे। देश की राजधानी दिल्ली का चुनाव एक माह से सुर्खियों में रहा। पानीपत से विधायक महीपाल ढांडा, पूर्व मंत्री कृष्णलाल पंवार और समालखा से पार्टी के नेता शशिकांत कौशिक की ड्यूटी चुनाव में लगी थी। इन तीनों नेताओं के अतिरिक्त सांसद संजय भाटिया भी चुनाव प्रचार में डटे रहे। पार्टी संगठन के सिफारिश के बलबूते मंडलाध्यक्ष का पद हथियाने की जुगत में लगे पार्टी कार्यकर्ताओं ने रिश्ता नाता जोड़ कर दिल्ली के अलग विधानसभाओं में चुनाव प्रचार में व्यस्तता दिखाई। चुनाव प्रचार समाप्त होने के बाद नेता से लेकर कार्यकर्ता सब भाजपा के जीत की दावे करने लगे। चुनाव परिणाम में पासा पलटने के बाद सबके चेहरे उतर गए। मंडलाध्यक्षों के चयन में विलंब भाजपा के सूत्रों के मुताबिक दिल्ली चुनाव का असर हरियाणा की राजनीति में दिखेगा। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष से लेकर जिलाध्यक्ष और मंडलाध्यक्ष का चुनाव होना बाकी है। संगठन के पदाधिकारी दावा कर रहे थे कि दिल्ली चुनाव के तुरंत बाद सांगठनिक चुनाव पूरे कर लिए जाएंगे। अब इसमें थोड़ी देर लग सकती है। पार्टी के वरिष्ठ नेता पहले हार के कारणों की समीक्षा करेंगे। जीत के जश्न में झूमे कार्यकर्ता सेक्टर 6 स्थित विद्या वाटिका स्कूल में शाम 4 बजे आम आदमी पार्टी के दर्जनों कार्यकर्ता एकत्र हुए। करनाल लोकसभा क्षेत्र के पूर्व पार्टी प्रत्याशी कृष्ण कुमार अग्रवाल के नेतृत्व में जीत का जश्न मनाया। कृष्ण अग्रवाल ने कहा कि दिल्ली की जनता केजरीवाल सरकार के किए कार्यों से प्रभावित है। जाति, धर्म और पाखंड की आड़ में राजनीति करने वाली पार्टियों को नकार दिया। इस जीत से हरियाणा में भी पार्टी का आधार मजबूत होगा। संगठन को मजबूत करने का संघर्ष जारी रहेगा। इस मौके पर सुखबीर मलिक, आशा देवी,राजीव कंसल,अनूप मालिक, अनिल पांडेय, संदीप जायसवाल,राजेश तिवारी,सुधीर यादव,मुकेश शर्मा, रामकुमार,सर्वेश,नरेंद्र पराशर,वीरेंद्र छोक्कर,अनिल शर्मा ,रामचन्द्र, कृष्ण यादव व दीपक बग्गा मौजूद थे।