सरकारी योजनाओं का लाभ पाने वालों को साधेगी भाजपा
चुनावी आगाज को देख 13 फरवरी से 2 मार्च तक चलेंगे कार्यक्रम।
जागरण संवाददाता, समालखा : लोकसभा व विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने तैयारी शुरू कर दी है। पार्टी ने जनता को अपने साथ जोड़ने के लिए कमर कस ली है। इसके तहत, प्रदेश में सरकारी योजना के लाभार्थियों के साथ नौकरी पाने वालों को भी साधने का प्रयास होगा। पार्टी संगठन की तरफ से एजेंडा भी तैयार कर लिया गया है। इसी के तहत नई अनाज मंडी स्थित किसान विश्राम गृह में समालखा हलके के चारों मंडल अध्यक्ष, प्रभारी के अलावा शक्ति केंद्र प्रमुख, पालक, बूथ प्रमुख व कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। इसमें करनाल लोकसभा के सह प्रभारी लोकेश नांगरू ने पार्टी नेता व कार्यकर्ताओं को एजेंडे पर काम कर संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया। हालांकि, बैठक की शुरुआत में ही प्रथम पंक्ति में कुर्सी न मिलने पर कई पदाधिकारी नाराज हो गए। कार्यकर्ताओं में भरा जोश
लोकसभा सह प्रभारी लोकेश नांगरू ने कहा कि चुनाव का आगाज हो चुका है। जल्द ही लोकसभा चुनाव को लेकर आचार संहिता लग सकती है। 2014 में हम जीते, लेकिन 2019 में और ज्यादा मेहनत करके जीतना है। समालखा हलके में अधिक मेहनत करने की जरूरत है। नांगरू ने कहा कि कार्यकर्ता पार्टी की मजबूत कड़ी है। यदि वो मजबूती के साथ काम करके पार्टी की नीतियों व सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाता है तो देश व प्रदेश में दोबारा से भाजपा की सरकार बनने से कोई रोक नहीं सकता। इसलिए हर पदाधिकारी व कार्यकर्ता जोश के साथ ज्यादा से ज्यादा लोगों को पार्टी के संग जोड़ने का काम करे। जिला महामंत्री देवेंद्र दत्ता ने भी पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश भरा। इन एजेंडों पर करेंगे काम
भाजपा ने सरकारी योजनाओं का लाभ लेने और नौकरी पाने वालों को साधने के लिए 13 फरवरी से 2 मार्च तक लगातार कार्यक्रम चलाने का एजेंडा तैयार किया गया है।
--13 फरवरी को मेरा परिवार, भाजपा परिवार कार्यक्रम तय हुआ है। इस दिन मुख्यमंत्री, प्रदेशाध्यक्ष, मंत्री, सांसद, विधायक व हर स्तर के जनप्रतिनिधि घरों पर पार्टी का झंडा व स्टीकर लगाएंगे।
--15 से 20 फरवरी तक केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जिनको लाभ मिला है, उनके घर जाकर संपर्क साधेंगे और पार्टी के साथ जोड़ने का काम करेंगे।
--26 फरवरी को देशभर में प्रत्येक लाभार्थी के घर में कमल ज्योति जलवाएंगे। इस अभियान में मुख्यमंत्री, मंत्री, विधायक, सांसद, प्रदेशाध्यक्ष सहित पदाधिकारी व कार्यकर्ता किसी न किसी लाभार्थी के घर जाकर दीपक जलाएंगे।
--28 फरवरी को पीएम नरेंद्र मोदी देशभर के कार्यकर्ताओं व समर्थकों के साथ सभी मंडलों पर मेरा बूथ सबसे मजबूत के अंतर्गत संवाद करेंगे।
--2 मार्च को प्रत्येक विधानसभा में बाइक रैली निकाली जाएगी। प्रथम पंक्ति में कुर्सी न मिलने पर कुछ नेताओं ने जताई नाराजगी
बैठक में चारों मंडल अध्यक्ष के अलावा अनेक पदाधिकारी भी पहुंचे थे। जहां किसान मोर्चा के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य कुलदीप कौशिक, प्रदेश के राजकुमार कालीरमन व राजेंद्र शर्मा को मंच वाली कुर्सियों पर जगह न देकर बूथ प्रमुखों के साथ बैठा दिया गया। इस पर उक्त लोगों ने बगैर पद वालों को तो मंच पर और उन्हें वहां बैठाने पर नाराजगी जता दी। जिस पर माहौल बिगड़ने लगा तो आनन-फानन में मिन्नत कर उनको मंच वाली कुर्सियों पर बैठाया गया। वहीं, लोकसभा के सह प्रभारी लोकेश नांगरू ने पार्टी नेताओं की नाराजगी पर कहा कि कुनबा बहुत बड़ा है। जिसमें थोड़ी बहुत ऊंच-नीच हो जाता है। जो पदाधिकारी थे, उनको आगे बुला लिया गया था। ये रहे मौजूद
इस मौके पर शशिकांत कौशिक, विनोद छौक्कर, राजकुमार कालीरामना, र¨वदर छौक्कर, राजेंद्र शर्मा, कृष्ण छौक्कर, अनिल शर्मा, मंजीत डिकाडला, अंजू त्यागी, रेणू धीमान, नूरजहां, मुकेश चौहान, सतीश शर्मा, जगबीर डिकाडला व अर¨वद कौशिक मौजूद रहे।