भाजपा ने जिन्हें बनाया चुनाव प्रभारी वो हैं टिकट के दावेदार, उलझी सियासत Panipat News
भाजपा ने चुनाव प्रभारी की घोषणा कर दी। वहीं पानीपत में चुनाव प्रभारियों में से दो टिकट के दावेदार भी हैं। ऐसे में सियासी गणित उलझती दिख रही है।
पानीपत, जेएनएन। भाजपा ने विधानसभा चुनाव में अपनी पकड़ और मजबूत करने के लिए विधानसभा प्रभारियों की नियुक्ति की है। प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला ने इनकी नियुक्त की है। इनमें तरुण गांधी को ग्रामीण, राममेहर मलिक को शहरी, सुरेंद्र अहलावत समालखा और लोकेश नांगरू को इसराना का प्रभारी बनाया है। चार में से दो टिकट के प्रबल दावेदार हैं।
12 सितंबर को रोहतक में होने वाली विधानसभा प्रभारियों की बैठक में राष्ट्रीय महामंत्री बीएल संतोष व प्रदेश प्रभारी डॉ. अनिल जैन नव नियुक्तों को जीत का मंत्र दिया जाएगा। चार में से दो टिकट के दावेदार सुरेंद्र अहलावत ग्रामीण और पार्षद लोकेश नांगरू शहरी विधानसभा से टिकट के प्रबल दावेदार हैं। इनको प्रभारी बनाते ही शहर में चर्चाएं गरम हो गई हैं। कुछ लोगों का कहना है कि विधानसभा का प्रभार मिलने के बाद दोनों दावेदारों को टिकट मिलने की उम्मीदें धूमिल हो रही हैं। राममेहर मलिक को शहरी विधानसभा क्षेत्र की जिम्मेदारी दी है। वे पार्टी में जिला महामंत्री के पद पर हैं। अब दोनों जिम्मेदारी निभाएंगे।
निगम पार्षद लोकेश नांगरू को इसराना विधानसभा क्षेत्र का प्रभारी बनाया गया है। वे भाजयुमो के उपाध्यक्ष भी हैं। विधानसभा चुनाव में युवाओं के साथ आम जनता तक पार्टी की नीतियों को पहुंचाने की जिम्मेदारी होगी। भाजपा के जिला उपाध्यक्ष तरुण गांधी को ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र का प्रभारी बनाया गया है। गांधी को नगर निगम चुनाव का प्रभारी बनाया था। पार्टी ने इसी को देखते हुए उनको ग्रामीण विस की जिम्मेदारी सौंपी है। पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेंद्र अहलावत को समालखा विधानसभा का प्रभारी बनाया है। वे पानीपत ग्रामीण विस से चुनाव लड़ चुके हैं। अबकी बार भी हलके से टिकट की दावेदारी कर रहे हैं।