एक लाख सैनेटरी पैड बांटेगा भाजपा महिला मोर्चा
भाजपा के शहर से विधायक प्रमोद विज सांसद संजय भाटिया की पत्नी अंजू भाटिया विधायक की पत्नी नीरू विज ने भाजपा महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष डा.अर्चना गुप्ता को एक लाख सैनेटरी पैड सौंपे।
जागरण संवाददाता, पानीपत : स्वस्थ महिलाएं सुखी महिलाएं अभियान के तहत भाजपा के शहर से विधायक प्रमोद विज, सांसद संजय भाटिया की पत्नी अंजू भाटिया, विधायक की पत्नी नीरू विज ने भाजपा महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष डा.अर्चना गुप्ता को एक लाख सैनेटरी पैड सौंपे। इन्हें झुग्गी झोपड़ियों, गरीब बस्तियों में रहने वाली महिलाओं को वितरित किया जाएगा।
विधायक प्रमोद विज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उनके दूसरे कार्यकाल का एक वर्ष पूरा हो गया है। भारतीय जनता पार्टी जन सेवा के कार्यों व जनता जनार्दन के बीच एक साल की उपलब्धियों को प्रस्तुत करने जा रही है। कोरोना वायरस के चलते वे महिलाएं जो बेहद जरूरतमंद हैं और लॉकडाउन के कारण घर में सीमित हो कर रह गई थीं, उनकी बस्ती, घर-घर व झुग्गी झोपड़ी तक जाकर, महिला मोर्चा की सदस्य सैनेटरी नैपकिन वितरण करेंगे।
सांसद पत्नी अंजू भाटिया ने कहा कि महिलाओं की चिता करके विधायक प्रमोद विज ने सराहनीय कार्य किया है। नीरू विज ने कहा कि अभी भी संकोच, गरीबी या जागरूकता के अभाव में महिलाएं नैपकिन नहीं खरीद पातीं। डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि काफी संख्या में महिलाएं मासिक धर्म में कपडे़ का इस्तेमाल करती हैं, जिससे बैक्टीरिया फैलने का डर रहता है।