पानीपत में एक और भाजपा नेता की मौत, मार्केट कमेटी के पूर्व चेयरमैन को लगी गोली
पानीपत के एक और भाजपा नेता की मौत हो गई। भाजपा नेता एवं प्रापर्टी डीलिंग का काम करने हरपाल सिंह की गोली लगने से मौत हो गई है। हरपाल सिंह समालखा मार्केट कमेटी के पूर्व चेयरमैन थे। गोली लगने की वजह का अभी तक पता नहीं चल सका है।
पानीपत, जेएनएन। समालखा मार्केट कमेटी के पूर्व चेयरमैन हरपाल सिंह गाहल्याण की गोली लगने से मौत हो गई। गोली चलने की आवाज सुनकर बेटी छत पर कमरे में पहुंची तो उसकी चीख निकल गई। पिता के शरीर से खून बह रहा था। जब तक उन्हें अस्पताल ले जाया गया, तब तक मौत हो गई। गोली कैसे लगी, ये पता नहीं चल सका है।
55 वर्षीय हरपाल सिंह गाहल्याण की चार बेटी और एक बेटा है। तीन बेटियों की शादी हो चुकी है। एक बेटी और एक बेटा घर पर हैं। भाजपा नेता एवं प्रापर्टी डीलिंग का काम करने हरपाल सिंह समाजसेवा में लगे रहते थे। हरपाल की मौत की खबर से समालखा के लोगों सन्न रह गए हैं। उन्हें यकीन नहीं हो रहा कि हरपाल अब नहीं रहे।
गोली लगने का कारण अभी पता नहीं चला
गोली लगने के कारण का अभी तक पता नहीं चल सका है। स्वजनों के अनुसार खुद गोली लगी। सवाल है कि आधी रात को ही उन्होंने खुद को गोली क्यों मारी। ये भी सवाल उठ रहा है कि कहीं उनकी हत्या तो नहीं की गई। पुलिस अभी पूछताछ कर रही है।
लाइसेंसी पिस्तौल मिली
हरपाल की मौत उनकी अपनी ही लाइसेंसी पिस्तौल से हुई है। स्वजन शव को सिविल अस्पताल पानीपत लेकर आए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। इसी से पता चलेगा कि मौत की असल वजह क्या थी।
जमा होने लगे लोग
हरपाल की मौत की खबर मिलते ही उनके निवासी के बाहर लोग जमा होने लगे हैं। हर कोई कह रहा है कि हरपाल इतनी जल्दी उन्हें छोड़कर चले गए। कोई भी काम होता था तो लोग उनके पास पहुंचते थे। मार्केट कमेटी में उन्होंने काफी सुधार कार्य करवाए। रवींद्र मच्छरौली के साथ रहते हुए बजट लेकर आए थे।
भाजपा ने दो नेता खोए
पानीपत में दो नेताओं की जान चली गई है। पहले हरीश शर्मा ने नहर में छलांग लगाकर जान दे दी। भाजपा नेता हरीश शर्मा की तहसील कैंप में बड़ी पकड़ थी। उनके अंतिम संस्कार में हजारों लोग पहुंचे। अब समालखा में भाजपा नेता की मौत हो गई। भाजपा को संगठन के तौर पर भी बड़ी क्षति पहुंची है।