बरोदा उपचुनाव से पहले पानीपत में भाजपा का मंथन, ओपी धनखड़ ने कार्यकर्ताओं के साथ की बैठक
पानीपत में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ पहुंचे। उनके साथ संगठन मंत्री सुरेश भट्ठ भी थे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूरी तरह से सहयोग करने को कहा। उन्होंने कहा कार्यकर्ताओं के सहयोग से पार्टी उपलब्धि हासिल करेगी।
पानीपत, जेएनएन। प्रदेशाध्यक्ष बनने के बाद पहली बार भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक लेने ओमप्रकाश धनखड़ बुधवार को पानीपत पहुंचे। आर्य कॉलेज के सभागार में बैठक हो रही है। शहरी व ग्रामीण विधायक सहित सभी मंडलों के कार्यकर्ता सहित भाजपा के स्थानीय पदाधिकारी इस बैठक में भाग ले रहे हैं। मार्च 2020 में कोरोना संक्रमण के बाद भाजपा की यह पहली बैठक हो रही है।
जीटी रोड स्थित आर्य कॉलेज के सभागार में सुबह 10 बजे से कार्यकर्ताओं की बैठक निर्धारित थी। लगभग पौने दो घंटे विलंब से बैठक शुरू हुई। जिलाध्यक्ष डॉक्टर अर्चना गुप्ता ने संगठन मंत्री सुरेश भट्ट और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष को गुलदस्ता भेंट कर स्वागत किया। बैठक की शुरुआत में उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रदेशाध्यक्ष का परिचय करवाया। ग्रामीण विधायक महीपाल ढांडा ने मंच से कहा कि ओमप्रकाश धनखड़ के कार्यकाल में हरियाणा भाजपा नई ऊंचाइयों पर पहुंचेगी।
कार्यकर्ताओं के सहयोग से पार्टी उपलब्धि हासिल करेगी। शहरी विधायक प्रमोद विज ने बैठक की सराहना करते हुए कहा कि टीचर इज ऑलवेज टीचर। संगठन में जिस तरीके से ओम प्रकाश धनखड़ विषय चुन लेते हैं वो अपने में एक बेहतरीन तरीका है।
बरोदा उपचुनाव को लेकर दी नसीहत
बैठक में आए संगठन मंत्री सुरेश भट्ट ने कार्यकर्ताओं से कहा कि पार्टी को मजबूत बनाने में योगदान दें। सोनीपत जिले के बरोदा उपचुनाव में कार्यकर्ता एकजुटता का परिचय देकर पार्टी को जीत दिलाएं। अनुकूल परिस्थितियों में काम नहीं छोड़ना है। संगठन को जितनी मजबूत बनाएंगे पार्टी उतनी ही आगे बढ़ेगी।
ये रहे मौजूद
इस अवसर पर मेयर अवनीत कौर, पूर्व जिलाध्यक्ष गजेंद्र सलूजा, जिला उपाध्यक्ष सुनील सोनी, भाजयुमो के प्रदेश उपाध्यक्ष लोकेश नांगरु, दीपक सलूजा, संजीव दहिया व अवतार सिंह शास्त्री सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद थे।