भाजपा जलजला नहीं, बुलबुला है, फूट जाएगा : मीरा कुमार
जागरण संवाददाता, पानीपत : लोकसभा की पूर्व स्पीकर एवं कांग्रेस की वरिष्ठ नेत्री मीरा कुमार ने
जागरण संवाददाता, पानीपत :
लोकसभा की पूर्व स्पीकर एवं कांग्रेस की वरिष्ठ नेत्री मीरा कुमार ने कहा कि हमने बहुत से जलजले देखे हैं। भाजपा जलजला नहीं, बल्कि बुलबुला है, जो जल्द फूट जाएगा। ईवीएम से मतदान पर देश के लोगों को संशय है। चुनाव आयोग का कर्तव्य है कि वह इस संशय को दूर करे। गुजरात में हमने अच्छा चुनाव लड़ा है। गुजरात व हिमाचल प्रदेश के चुनाव नतीजों के सवाल पर उन्होंने ये बातें कही।
मीरा कुमार यहां समता आन्दोलन के तत्वावधान में आर्य पीजी कॉलेज के सभागार में संपन्न हुए विजय दिवस कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचीं थीं। उन्होंने कहा कि इस बार गुजरात में हमारी सीटें बढ़ी हैं। राहुल गांधी के अध्यक्ष बनने के तुरंत बाद पराजय के सवाल पर उन्होंने कहा कि राहुल ने गुजरात में बहुत अच्छी चुनावी प्लानिंग की। गुजरात सामान्य प्रदेश नहीं है, प्रधानमंत्री का घर है। प्रधानमंत्री की बात को पूरा देश सुनता है और देखता है। उन्होंने तो वहां डेरा ही डाल दिया था। चुनाव प्रचार के दौरान पीएम नरेंद्र मोदी ने जिस प्रकार के आरोप लगाए और भाषा का इस्तेमाल किया, वह इस पद पर सुशोभित व्यक्ति को शोभा नहीं देता। अब राजनीति में बड़ी-बड़ी बातें करने और झूठे वायदे करने वाले लोग आ गए हैं। काम उनका शून्य रहता है। नार्थ में पंजाब के अलावा अन्य किसी राज्य में कांग्रेस की सरकार नहीं होने पर उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के अध्यक्ष बनने से पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह है। देशवासियों को भी युवा नेता से आशाएं हैं। वर्ष 2018 में देश के कई राज्यों में होने वाले चुनावों के परिणाम कांग्रेस के लिए सुखद और सकारात्मक रहेंगे।
आयोजन के दौरान सन 71 में हुए भारत-पाक युद्ध के 30 से ज्यादा विजेताओं को सम्मानित किया गया। इस मौके पर हरियाणा कांग्रेस के अध्यक्ष अशोक तंवर, पूर्व मंत्री बिजेंद्र कादियान, पूर्व विधायक राजरानी पूनम, शशि लूथरा व कर्मचंद पूनम मौजूद रहे।
कांग्रेस के पक्ष में हवा बहने लगी : तंवर
हरियाणा कांग्रेस के अध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर ने कहा कि समय बदलता रहता है। अब कांग्रेस के पक्ष में भी हवा बहने लगी है। गुजरात और हिमाचल में पार्टी ने मजबूती के साथ चुनाव लड़ा है। हरियाणा में बदलाव पर तंवर ने कहा कि अभी तो भाजपा का चिंतन शिविर चल रहा है। इधर, चुनाव पर पूरा ध्यान था। ब्लॉक स्तर पर संगठन को मजबूत किया गया है। प्रदेश अध्यक्ष चुनाव पर राहुल गांधी व सोनिया गांधी को निर्णय लेना है। इसके तुरंत बाद जिला अध्यक्षों के लिए आवेदन मंगाए जाएंगे