पार्षदों की नब्ज टटोलने आएंगे पर्यवेक्षक, विधानसभा अनुसार पार्षदों को मिल सकती जिम्मेदारी
सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर चुनाव के लिए भाजपा ने प्रदेश महामंत्री एडवोकेट वेदपाल को पर्यवेक्षक बनाया गया है। ऐसे में जल्द ही पर्यवेक्षक वेदपाल यमुनानगर शहर आएंगे और स्थानीय नेताओं से मिलकर चुनाव की दावेदारी की नब्ज टटोलेंगे।
पानीपत/यमुनानगर, जेएनएन। नगर निगम में सीनियर डिप्टी मेयर व डिप्टी मेयर के चुनाव के लिए प्रदेश सरकार ने पर्यवेक्षक नियुक्त कर दिए हैं। जिला में पर्यवेक्षक भाजपा प्रदेश महामंत्री एडवोकेट वेदपाल को बनाया गया है। हालांकि दोनों पदों के लिए चुनाव किस तारीख को होगा अभी यह तय नहीं हुआ है लेकिन दावेदार पार्षदों ने भागदौड़ तेज कर दी है। पर्यवेक्षक वेदपाल जल्द ही पार्षदों की नब्ज टटोलने के लिए शहर में आएंगे ताकि ये पता चल सके कि कौन-कौन दावेदारी जता रहे हैं और बाकी पार्षदों की उनके बारे में क्या राय है।
भाजपा के पास बहुमत, लेकिन दावेदार कई
22 वार्ड वाले नगर निगम में भाजपा 15 पार्षदों के साथ बहुमत में है। शेष सात पार्षदों में चार कांग्रेस व तीन इनेलो के हैं। भाजपा बहुमत में भले हो लेकिन उसके लिए दिक्कत ये है कि दोनों पदों के लिए कई पार्षद बहुत पहले ही दावेदारी जता चुके हैं। दावेदारों को संतुष्ट कर पाना भाजपा के शीर्ष नेताओं के लिए इतना आसान नहीं होगा। जगाधरी के वार्ड दो से पार्षद प्रवीण शर्मा, वार्ड छह से दूसरी बार पार्षद बनी प्रीति जौहर, वार्ड सात से पार्षद राम आसरे सीनियर डिप्टी मेयर व डिप्टी मेयर पद के लिए दावा कर चुके हैं। राम आसरे ने तो फेसबुक व व्हाट््सएप पर पोस्ट कर अपनी दावेदारी भी जताई थी। हालांकि पार्टी नेताओं की दखल के बाद से किसी पार्षद ने सभी शांत बैठ गए थे।
विधानसभा अनुसार साधा जाएगा संतुलन
दोनों पदों पर किन पार्षदों के नाम फाइनल होंगे इसके लिए पार्टी को विधानसभा अनुसार भी संतुलन साधना होगा। पार्टी नेताओं का प्रयास रहेगा कि सभी को बराबर का हक मिले। मदन चौहान यमुनानगर विधानसभा से पहले ही मेयर की कुर्सी पा चुके हैं। जगाधरी विधानसभा शिक्षा मंत्री कंवरपाल गुर्जर के क्षेत्र से है। वार्ड छह से प्रीति जौहर दूसरी बार पार्षद बनी हैं। शिक्षा मंत्री से इनके अच्छे संबंध हैं। वहीं प्रवीण शर्मा भी जगाधरी से हैं। इन दोनों में से किसी एक का चुना जाना तय है। जगाधरी वर्कशाप का बड़ा हिस्सा रादौर विधानसभा में आता है। हालांकि रादौर में इस बार भाजपा का विधायक नहीं है। लेकिन पार्टी रादौर विधानसभा को डिप्टी मेयर का पद दे सकती है। यहां वार्ड 19 से ऊषा व कुसुम लता का नाम सबसे आगे है। क्योंकि कुुसुम लता के पति कर्मबीर पहले पार्षद रह चुके है। वहीं ऊषा के पति की संगठन में अच्छी पकड़ है। जिसका लाभ मिल सकता है। दोनों ही अनुसूचित जाति से हैं। पिछड़े वर्ग से मेयर हैं। अब पार्टी सामान्य व अनुसूचित वर्ग पर संतुलन साधने का प्रयास करेगी। हालांकि यमुनानगर विधायक भा से भी पूर्व डिप्टी मेयर पवन बिट्टू की पत्नी भावना व पार्षद रानी कालड़ा भी कुर्सी के लिए अपना गणित ठीक करने में लगी हैं।
पार्षदों की सहमति से चुनेंगे : मदन चौहान
नगर निगम मेयर मदन चौहान का कहना है कि कमल के फूल पर चुन कर आए पार्षद ही सीनियर व डिप्टी मेयर बनेंगे। इन दोनों पदों पर किसी बिठाया जाए इसका फैसला सभी पार्षदों व संगठन की सहमति से होगा। चुनाव के लिए फिलहाल कोई तारीख तय नहीं की है। जल्द ही इस बारे में मीङ्क्षटग बुलाई जाएगी।