पानीपत में बाइक सवार दो बदमाशों ने सैलून मालिक की पत्नी को गोली मारी
वारदात पानीपत के डाडोला के आसाराम आश्रम के पास हुई। बाइक सवार दो बदमाशों ने सैलून मालिक की पत्नी को गोली मार दी। शैलून मालिक विकास नगर का संदीप है।
पानीपत, जेएनएन। पानीपत में दो बदमाशों ने एक महिला को गोली मार दी। बाइक सवार दो बदमाशों ने डाडोला में आसाराम आश्रम के पास बाइक सवार सैलून मालिक पर फायरिंग की। जिसमें एक गोली उसकी पत्नी की कमर में लगी और दूसरी गोली उसके सिर के पास से गुजर गई। पीडि़त ने वारदात का शक पड़ोसी के मामा और लीव इन में रही युवती के भाइयों पर जताया है। घटना सोमवार रात 9:30 बजे की है।
विकास नगर के संदीप ने बताया कि उसका कर्ली टॉप के नाम से सैलून है। साथ में ही उसकी पत्नी रीटा का अवन्या के नाम से ब्यूटी पार्लर है। गत रात्रि वह पत्नी रीटा के साथ अपने दोस्त की बाइक से उसके मायके डाडोला गांव जा रहा था। आसाराम आश्रम के पास पीछे से बाइक पर दो बदमाश आए। एक ने हेलमेट लगा रखा था और दूसरे ने मुंह पर कपड़ा बांध रखा था। पीछे बैठे बदमाश ने दो गोलियां चलाई। एक गोली उसकी पत्नी रीटा के पीठ में लगी। दूसरे गोली उसके सिर के पास से गुजर गई। वे दोनों बाइक सहित सड़क पर गिरे। बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर डाडोला गांव की तरफ भाग गए। कार सवार राहगीर ने उसे और घायल पत्नी रीटा को शहर के एक निजी अस्पताल में दाखिल कराया। रीटा का ऑपरेशन किया गया है।
संदीप ने वारदात की ये वजह बताई
पीडि़त संदीप ने वारदात की दो वजह बताई हैं। उसने बताया कि एक साल पहले पड़ोसी जैकी के साथ झगड़ा हो गया था। आरोपितों ने घर के बाहर गोलियां चलाई थीं। सेक्टर-29 थाने में दोनों पक्षों में समझौता हो गया था। कई दिन पहले जैकी का मामा नवीन शराब के नशे में उसकी दुकान पर आया और शेव बनाने को बोला। उसने मना कर दिया। गश्त कर रहे पुलिसकर्मी ने नवीन के बैग से शराब व चाकू बरामद किया। नवीन उसे गोली मारने की धमकी देकर गया था।
इस पर जताया शक
उसे शक है कि वारदात नवीन ने की होगी। संदीप ने बताया कि वह एक साल से एक युवती के साथ लीव इन में रह रहा था। युवती को वह महीने का खर्च भी देता था। युवती शादी के लिए दबाव डाल रही थी। उसने मना कर दिया। युवती मायके चली गई थी। 23 जून को युवती का भाई दुकान पर आया और 15 लाख रुपये में समझौते की बात कहने लगा। उसने मना किया तो गोली मारने की धमकी देकर चला गया।
संदीप व उसकी पत्नी रीटा पर गोली चलाने के मामले में अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। वारदात की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। संदीप द्वारा जिन लोगों पर शक जताया है उनसे भी पूछताछ की जाएगी।
राजबीर सिंह, प्रभारी, सेक्टर-29 थाना।