पानीपत के गोहाना रोड पर भीषण सड़क हादसा, तीन लोगों की मौत
पानीपत में गोहाना रोड पर भीषण सड़क हादसा हुआ। इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई है। हादसा कैत गांव के पास हुआ था। हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया था। जहां उन्होंने दम तोड़ा।
इसराना (पानीपत), [रामपाल सहरावत]। पानीपत के कैत गांव के पास भीषण सड़क हादसा हुआ। इसमें तीन लोगों की मौत हो गई। हादसा देर रात का बताया जा रहा है। हादसे में दो की मौके पर मौत हो गई थी, जबकि एक को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां उसकी मौत हो गई। घायल को खानपुर अस्पताल में भर्ती करवाया गया था।
दरअसल, गोहाना की तरफ से बाइक पर तीन युवक आ रहे थे। तभी इसराना की तरफ से आ एक बलेनो गाड़ी तेज रफ्तार से आते हुए बाइक पर टक्कर मार दी। दो लोगों क मौके पर ही मौत हो गई। जबकि एक घायल हो गया। उसे खानपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी भी मौत हो गई।
इधर, यमुनानगर में पैदल चल रहे राहगीर को वाहन ने कुचला
गांव मलिकपुर में बस स्टाप के पास तेज गति से आ रही कार ने राहगीर को चपेट में ले लिया। कार का पहिया उसे कुचलते हुए निकल गया। जिससे उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के सहारनपुर के गांव पहासूं निवासी 55 वर्षीय महिपाल के रूप में हुई है। ओपी जिंदल पार्क के नजदीक रहने वाले अनिल कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह प्राइवेट नौकरी करता है। चार अक्टूबर को वह बाइक पर निजी कार्य से प्रतापनगर में गया था। काम खत्म करने के बाद वह रात को घर लौट रहा था। जब वह गांव मलिकपुर अड्डा के नजदीक पहुंचा तो एक व्यक्ति पैदल प्रतापनगर की तरफ जा रहा था। तभी एक कार तेज गति से आई। चालक ने अपनी कार से उस राहगीर को टक्कर मार दी। जिससे वह सड़क पर गिर गया और कार के पहिये उसके सिर के ऊपर से निकल गए। इसके बाद आरोपित चालक वहां से फरार हो गया। तभी वहां पर जिला सहारनपुर के गांव टाबर निवासी बंटी आ गया। जिसने मृतक की पहचान महीपाल के रूप में की। मामले में छछरौली थाना पुलिस ने केस दर्ज किया।