विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 29, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

यमुनानगर में लकड़ी से लदी ओवरलोड ट्रालियों का प्रवेश, कालोनीवासियों का हंगामा, जानिए क्या है पूरा मामला

By Rajesh KumarEdited By:
Published: Mon, 29 Nov 2021 03:14 PM (IST)

यमुनानगर में ओवरलोड ट्रालियों के प्रवेश पर प्रतिबंध है। बावजूद इसके लकड़ियों से भरी ओवरलोड ट्रालियां शहर के रिहायशी एरिया ...और पढ़ें

यमुनानगर के रिहायशी एरिया से गुजरती ओवरलोड ट्राली।
यमुनानगर के रिहायशी एरिया से गुजरती ओवरलोड ट्राली।

यमुनानगर, जागरण संवाददाता। यमुनानगर में ओवरलोड ट्रालियों के प्रवेश पर भले ही प्रतिबंध के दावे किए जा रहे हों, लेकिन हकीकत कुछ और ही है। रिहायशी एरिया में लकड़ी से लदी ओवर लोड ट्रालियां धड़ल्ले से गुजर रही हैं। मोहल्लावासी खौफजदा हैं। इन ट्रालियों की वजह से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। सोमवार को कैंप की शर्मा कालोनी में कालोनिवासियों ने ट्रालियों के प्रवेश को लेकर जमकर हंगामा किया। आरोप है कि ये ट्रालियां रिहायशी एरिया में चल रही प्लाइवुड फैक्ट्री में लकड़ी लेकर जाती हैं। इनमें वजन का कोई मापदंड नहीं है। उन्होंने मांग की है कि इन ट्रालियों के प्रवेश पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध लगाया जाए। 

मकानों को खतरा

मोहल्लावासी गोपाल कृष्ण जग्गी व बाल कृष्ण जग्गी ने बताया कि कैंप की शर्मा कालोनी में आबादी के बीचोबीच औद्योगिक इकाई चल रही है। इसमें सुबह से ही लकड़ी से लदी ट्रालियों का आना जाना शुरू हो जाता है। इन ट्रालियों में लकड़ी की हाइट व वजन दोनों ही अधिक होते हैं। गलियों से गुजरती हुई ये ट्रालियां मकानों के लिए खतरा बन रही हैं। सोमवार सुबह एक ट्राली गली के बीचोबीच फंस गई। जिसके कारण लेंटर गिरने से बाल-बाल बचा। इन ट्रालियों के कारण क्षेत्र में कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।    

क्षेत्र में दो स्कूल

कालोनीवासियों ने बताया कि क्षेत्र में दो स्कूल भी हैं। स्कूली बच्चों का आनाजाना लगा रहता है। लकड़ी से लदी ट्रालियां गलियों से हिचकोले भरती हुई गुजरती है। इनमें वजन इतना अधिक होता है कि कब कहां पलट जाएं, कुछ कहा नहीं जा सकता। उन्होंने बताया कि पहले भी इन ट्रालियों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाए जाने की मांग को लेकर अधिकारियों से मिल चुके हैं, लेकिन समस्या ज्यों कि त्यों है। उनका कहना है कि एक ओर प्रशासन की ओर से शहर में लकड़ी व गन्ना से लदी ट्रालियों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाए जाने की बात कही जा रही है। वहीं दूसरी ओर यहां धड़ल्ले से आ जा रही है। यह भी तो शहर का ही हिस्सा है। यहां भी प्रतिबंध लगाया जाना चाहिए। 

डीसी से मिलेंगे कालोनीवासी

गोपाल कृष्ण जग्गी ने बताया कि रिहायशी एरिया में लकड़ी से लदी ओवर लोड ट्रालियों से कालोनीवासी परेशान हैं। इस समस्या को लेकर मंगलवार को डीसी पार्थ गुप्ता व मेयर मदन चौहान से मिलेंगे। इस समस्या के स्थायी समाधान की मांग की जाएगी। बावजूद इसके यदि ट्रालियों के प्रवेश पर रोक नहीं लगी तो इस संबंध में बड़ा निर्णय भी लिया जा सकता है। क्योंकि लकड़ी से लदी ट्रालियों के कारण कालोनी में भय का माहौल बना हुआ है। इनके कारण पहले भी हादसे हो चुके हैं।