कुरुक्षेत्र में चाची सास ने पुत्रवधू को दिया जहरीला पदार्थ, हालत गंभीर, चार साल पहले हुई थी शादी
कुरुक्षेत्र में चाची सास ने पुत्रवधू को जहरीली गोलियां खिला कर मारने का मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक गांव बिंट निवासी रितिका ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उसकी शादी चार साल पहले प्रदीप कुमार के साथ हुई थी।
कुरुक्षेत्र, जागरण संवाददाता। कुरुक्षेत्र के बाबैन थाना पुलिस के अंतर्गत गांव बिंट में चाची सास ने पुत्रवधू को जहरीली गोलियां खिला कर मारने का प्रयास किया है। पुलिस ने पुत्रवधू की शिकायत पर आरोपित सास के खिलाफ हत्या के प्रयास व मारपीट का मामला दर्ज किया है। पुत्रवधू को मुलाना के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस को मिली शिकायत के अनुसार
पुलिस के मुताबिक गांव बिंट निवासी रितिका ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उसकी शादी चार साल पहले प्रदीप कुमार के साथ हुई थी। शादी के बाद उसके पास एक दो वर्ष की बेटी है। करीब डेढ़ साल पहले उसके पति प्रदीप कुमार की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। वह अपनी सास निर्मला के साथ गांव में रह रही है। 29 सितंबर को उसकी चाची सास सीमा उनके घर आई थी। उनकी आपस में बोलचाल हो गई। जिस पर उसकी चाची सास उसे जान से मारने की धमकी देकर चली गई।
30 सितंबर को सुबह नौ बजे वह घर पर अकेली थी, इसी दौरान उसकी चाची सास आ गई। उसकी चाची सास सीमा ने कमरे की कुंडी लगा थी और उसे चारपाई पर धक्का दिया तो वह चारपाई पर गिर गई। शिकायतकर्ता का आरोप है कि उसकी चाची साल ने गेहूं में डालने वाली दवाई की तीन गोलियां उसके मुंह में डाल दी और उसका मुंह दबा दिया। शोर सुन कर उसकी दूसरी चाची सास किरण आ गई।
उन्होंने उसके पिता अशोक कुमार को फोन कर पूरी जानकारी दी। जिस पर उसके पिता गांव में पहुंचे और उसे मुलाना के निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि उसकी चाची सास ने उसे जान से मारने की नियत से उसके मुंह में जबरदस्ती दवाई डाली। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया है। बाबैन थाना पुलिस प्रभारी सीमा ने बताया कि पुलिस ने हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक वेदप्रकाश को सौंपी है। पुलिस मामले में कार्रवाई कर रही है।