थर्मल कॉलोनी में क्लर्क की पत्नी से चेन लूटने का प्रयास, आरोपित पकड़ा
थर्मल कॉलोनी में रविवार की शाम को टहल रही महिलाओं से बदमाश ने चेन छीनने का प्रयास किया। साहस दिखाते हुए बदमाश से महिला उलझ गई और चेन नहीं तोड़ने दी।
संवाद सूत्र, थर्मल : थर्मल कॉलोनी में रविवार की शाम को टहल रही महिलाओं से बदमाश ने चेन छीनने का प्रयास किया। साहस दिखाते हुए बदमाश से महिला उलझ गई और चेन नहीं तोड़ने दी। लूट में विफल बदमाश भागने लगा तो लोगों ने पकड़ लिया। बाद में पुलिस को सौंप दिया। उसे जेल भेज दिया गया है।
थर्मल कॉलोनी की एकता रविवार की शाम को चंद्रो, कमलेश, नीलम व सरोज के साथ घर के बाहर टहल रही थीं। पीछे से आये एक युवक ने एकता की चेन पर झपट्टा मारा। चेन के साथ महिला का दुपट्टा भी बदमाश के हाथ में आ गया। महिला ने चेन और दुपट्टा दोनों को पकड़ लिया। अन्य महिलाओं ने शोर मचा दिया। चेन न टूटने पर बदमाश दीवार फांद सुंदरनगर की ओर भागने लगा। कॉलोनी के लोग भी बदमाश के पीछे भागे और गेट पर उसे पकड़ लिया। पुलिस को सौंप दिया। आरोपित ने अपना नाम सुंदरनगर निवासी सन्नी उर्फ गोगा बताया है।