पानीपत में महिला के मुंह दबाकर हत्या का प्रयास, पति व सास पर केस दर्ज
पानीपत में महिला की हत्या का प्रयास किया गया। महिला का मुंह दबाकर मारने का प्रयास हुआ। आरोप पति पर लगा है। पानीपत में पति और सास पर केस दर्ज कर लिया गया है। मामला पानीपत के हरिनगर का है।
पानीपत, जागरण संवाददाता। पानीपत के हरिनगर में पति व सास ने मारपीट कर मुंह दबाकर मारने की कोशिश की। पीड़िता ने आरोपितों के चंगुल से छूटकर जान बचाई। हरिनगर की गली नंबर छह में रहने वाली ममता ने पुलिस को शिकायत देकर आरोप लगाया कि रात को करीब 12 बजे पति पवन व सास भतेरी ने उसकी लात-घुंसों से पिटाई की। इसके बाद आरोपितों ने मुंह दबाकर जान से मारने की कोशिश की। सुबह उठकर वह मायके हांसी चली गई और वहीं पर अस्पताल में मेडिकल कराया। आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। पुरना औद्योगिक थाना पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
निंबरी में युवक को पीटा
निंबरी गांव के नवीन ने पुलिस को शकायत दी कि वह गांव के अड्डे से पैदल घर लौट रहा था। तभी रंजिश में गांव के ही विक्की ने उस पर किसी वजनी वस्तु से हमला कर दिया। इससे उसकी अंगुली व शरीर के अन्य कई हिस्सों में चोट लगी। झगड़े का पता लगते ही मां संतरा देवी मौके पर पहुंची। तब तक आरोपित फरार हो चुका था। सदर थाना पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
गाली देने से रोका तो युवक को पीटा
गांजबड़ गांव के मंजीत ने पुलिस को शिकायत दी कि वह घर पर खाना खा रहा था। तभी शोर सुनाई दिया। बाहर निकल कर देखा तो पड़ोसी ऋषिपाल घर में बेटे सोनू, अमन व अन्य युवक रोहित, अनुज, अभिषेक के साथ मिलकर शराब पी रहा था। वे लोग नशे में गाली-गलौज कर रहे थे। गाली देने से रोका तो आरोपितों ने गंडासी, डंडों, जैली (धारदार हथियार) से हमला कर दिया। इसमें उसे, सतीश व सुनीता के सिर में गंभीर चोट लगी। आरोपितों ने जान से मारने की धमकी दी। आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। थाना सदर पुलिस ने मामला दर्ज करके आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।