अटल जी की अस्थियां यमुना में प्रवाहित, रास्ते में लोगों ने पुष्पवर्षा कर दी श्रद्धांजलि
पूर्व प्रधानमंत्री व भारत रत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की अस्थि कलश यात्रा वीरवार को पानीपत से यमुनागर पहुंचा, जहां यमुना में उनकी अस्थियां प्रवाहित की गई।
जेएनएन, पानीपत। पूर्व प्रधानमंत्री व भारत रत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की अस्थि कलश यात्रा वीरवार को पानीपत, घरौंडा, करनाल, इंद्री, लाडवा व रादौर के रास्ते यमुनानगर पहुंची। यहां मुख्यमंत्री मनोहर लाल व अन्य नेताओं ने उनकी अस्थियां हथनीकुंड बैराज पर यमुना नदी में प्रवाहित की। इस दौरान लोगों ने अटल जी को अश्रुपूर्ण श्रद्धांजलि दी और अटल बिहारी अमर रहे के नारे लगाए। इस दौरान लोगों ने रास्ते में अस्थि कलश पर पुष्प वर्षा की।
यात्रा में विधानसभा अध्यक्ष कंवर पाल, शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा, खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री कर्णदेव कांबोज, स्थानीय निकाय मंत्री कविता जैन, विधायक घनश्याम दास अरोड़ा, श्याम सिंह राणा भी शामिल हुए। सीएम मनोहर लाल ने कहा कि प्रदेश के बड़े प्रोजेक्टों के नाम स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर रखे जाएंगे। ऐसे प्रोजेक्टों की लिस्ट बनाकर केंद्र सरकार को भेज दी है।
इससे पूर्व गत दिवस दिल्ली-हरियाणा बार्डर पर बहादुरगढ़ के सेक्टर 9 मोड़ पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल समेत कैबिनेट के अधिकतर मंत्रियों और विधायकों ने पूर्व पीएम को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद अस्थि कलश लेकर एक रथ रोहतक, जींद व कैथल के रास्ते पिहोवा में सरस्वती घाट पर अस्थियां विसर्जित की गई।
देशभर की 100 नदियों में विसर्जित की जा रही अटल जी की अस्थियां
गत दिवस मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि अटल जी की अस्थियां देशभर की करीब 100 नदियों में विसर्जित की जा रही हैं। पूरे देश में उनके प्रति श्रद्धा का माहौल है। एक सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि अटलजी आजातशत्रु के रूप में जननेता स्वीकार्य हुए। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि केएमपी एक्सप्रेस हाईवे, गुरुग्राम की ग्लोबल सिटी, हिसार एयरपोर्ट सरीखी परियोजनाओं का नाम अटल जी के नाम पर रखने का प्रस्ताव भी केंद्र सरकार को भेजा गया है।
रास्ते में जगह-जगह किए पुष्प अर्पित
हथनीकुंड की ओर जा रही अस्थि कलश यात्रा गांव सोहटी से सोनीपत में प्रविष्ट हुई। यहां महिला एवं बाल विकास मंत्री कविता जैन, मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार राजीव जैन, सांसद रमेश कौशिक श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए यात्रा में शामिल हुए। पानीपत जिले के समालखा में विधायक रोहिता रेवड़ी, ग्रामीण विधायक महीपाल ढांडा, जिला अध्यक्ष प्रमोद विज, निगरानी कमेटी के प्रधान विनोद छौक्कर ने पूर्व पीएम को श्रद्धांजलि दी। वहीं विधायक रविंद्र मच्छरौली ने मच्छरौली के बस अड्डे पर पूर्व पीएम को याद किया।