आस्था अस्पताल की अल्ट्रासाउंड मशीन सील
मौके से 16 रजिस्टर साथ जांच के लिए जब्त किए गए थे। एक रजिस्टर में 25 एंट्री मिली। कई रजिस्टरों में डॉक्टरों ने अल्ट्रासाउंड का कालम नंबर 14 नहीं भर रखा था। कई पर्ची पर डॉक्टरों के साइन नहीं थे। मरीजों के पते भी नहीं मिले थे।
जागरण संवाददाता, पानीपत: स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बृहस्पतिवार को सामान्य अस्पताल के पीछे स्काईलार्क रोड पर स्थित आस्था अस्पताल की अल्ट्रासाउंड मशीन को सील कर दिया है। बुधवार को डिस्ट्रिक एप्रोप्रिएट अथॉरिटी की जांच में अस्पताल के रिकॉर्ड में खामी पाई गई थी। इसके बाद ही स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कार्रवाई की।
पीएनडीटी के नोडल ऑफिसर व डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. मुनीष गोयल ने बताया कि 12 दिन पहले वह, डॉ. रीमा और डॉ. अमित ने आस्था अस्पताल का निरीक्षण कर अल्ट्रासाउंड मशीन का रिकॉर्ड खंगाला था। मौके से 16 रजिस्टर साथ जांच के लिए जब्त किए गए थे। एक रजिस्टर में 25 एंट्री मिली। कई रजिस्टरों में डॉक्टरों ने अल्ट्रासाउंड का कालम नंबर 14 नहीं भर रखा था। कई पर्ची पर डॉक्टरों के साइन नहीं थे। मरीजों के पते भी नहीं मिले थे। इसके बाद रिपोर्ट तैयार करके डिस्ट्रिक एप्रोप्रिएट अथॉरिटी को भेज दिया गया था। आस्था अस्पताल की डॉक्टर को भी तलब किया गया। डेढ़ महीने में तीन मशीनें सील
डॉ. मुनीष गोयल ने बताया कि रिकॉर्ड में खामियों के चलते डेढ़ महीने में शहर के तीन अस्पतालों की अल्ट्रासाउंड मशीन सील की जा चुकी है। इसमें अबरोल और रेनबो अस्पताल की मशीन भी शामिल है। भू्रण हत्या को रोकने की दिशा में यह अभियान लगातार जारी रहेगा।