हरियाणा का अस्पताल देखने पहुंचे केजरीवाल, इस वजह से आधे रास्ते से लौटे दिल्ली
हरियाणा के अस्पतालों सियासत तेज। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल करनाल की डिस्पेंसरी देखने पहुंचे लेकिन रास्ते ही लौटे। पानीपत में भाजपा के नेता ने दर्ज कराया विरोध।
पानीपत, जेएनएन : दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल हरियाणा की स्वास्थ्य सेवाओं पर लगातार सवाल उठा रहे हैं। एक के बाद एक डिस्पेंसरी तक पहुंच रहे हैं। शनिवार को हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहरलाल के गृह जिले करनाल की डिस्पेंसरी का दौरा करने का कार्यक्रम बनाया लेकिन बीच रास्ते से ही उन्हें लौट जाना पड़ा।
दरअसल, रास्ते भर में भाजपा के कार्यकर्ता मौजूद थे। पुलिस का पहरा था। इस बीच, पानीपत में वह रुके तो वहां भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष गजेंद्र सलूजा पहुंच गए। प्रेस कांफ्रेंस के दौरान केजरीवाल पर भड़कते हुए कहा कि तुम्हें क्या अधिकार है अस्पताल चेक करने का। अपनी दिल्ली संभली नहीं जाती। सलूजा को सिक्योरिटी गार्ड ने बाहर भेजा।
हमें डरा नहीं सकते
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि भाजपा की सरकार विपक्षी पार्टियों को डराने का काम कर रही है। कांग्रेस के नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा क्यों नहीं कुछ भाजपा के खिलाफ बोलते। क्योंकि उन्हें पता है कि भाजपा वाले सीबीआइ केस में उन्हें फंसा देंगे। भाजपा ने आम आदमी पार्टी पर भी रेड कराई थी। हमारे पास कुछ मिला नहीं, इसलिए वापस चले गए। इसलिए हमें डरा नहीं सकते।
हम निमंत्रण पर देख रहे अस्पताल
केजरीवाल से जब पूछा कि आप हरियाणा के अस्पताल क्यों चेक कर रहे हो, तब उन्होंने कहा कि वह प्रदेश की जनता की मांग पर दौरा कर रहे हैं। लोग दिल्ली के मुहल्ला क्लीनिक देखते हैं और हमारे पास आकर कहते हैं कि आप हरियाणा की डिस्पेंसरी के हालात देखो। हरियाणा के लोग चाहते हैं कि दिल्ली की तरह यहां भी स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर हों। यहां के लोग अगर बीमार हो जाएं तो उन्हें मालूम नहीं होता कि जाएं तो जाएं कहां। कहीं इलाज नहीं मिलता।
भाजपाई को जानबूझकर भेजा
भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष गजेंद्र सलूजा द्वारा विरोध दर्ज कराए जाने के सवाल पर केजरीवाल ने कहा कि यहां का पूरा मीडिया सलूजा को जानता है। बाहर खड़े पुलिसकर्मी उसे जानते हैं। वह अंदर कैसे आया। उसे जानबूझकर भाजपा ने यहां भेजा था। इस तरह की टुच्ची हरकतें जनता को पसंद नहीं आती। जनता ये सब देख रही है। हमारे पोस्टर फाड़े जा रहे हैें। मुझे अस्पताल नहीं देखने दे रहे।
हरियाणा में चेहरा जनता का होगा
दिल्ली के मुख्यमंत्री से जब पूछा कि हरियाणा के चुनाव में आपकी पार्टी किसे चेहरा बनाएगी, तो उन्होंने कहा कि जनता का चेहरा ही मुख्यमंत्री होगा। चुनावी तैयारियों के सवाल पर कहा कि 24 नवंबर से हर लोकसभा क्षेत्र में रैली करने जा रहे हैं। पहली रैली गुरुग्राम में करेंगे।