वाट्सएप पर काल कर जान से मारने की धमकी दी, केस दर्ज
दो युवकों ने रंजिश में अंसल सुशांत सिटी के एक मकान के शीशे तोड़ दिए और वाट्सएप पर काल कर पीड़ित युवक को जान से मारने की धमकी दी। इससे पीड़ित युवक व उसके स्वजन घबराए हुए हैं।
जागरण संवाददाता, पानीपत : दो युवकों ने रंजिश में अंसल सुशांत सिटी के एक मकान के शीशे तोड़ दिए और वाट्सएप पर काल कर पीड़ित युवक को जान से मारने की धमकी दी। इससे पीड़ित युवक व उसके स्वजन घबराए हुए हैं।
अंसल सुशांत सिटी के राजेश कुमार ने पुलिस को शिकायत दी कि उसका एक बेटा व एक बेटी है। बेटे सोमिल का तीन महीने पहले इंसार चौक के सनप्रीत व उसके साथ खटीक बस्ती के राजा के साथ झगड़ा हो गया था। तब घर बैठकर दोनों पक्षों में मनमुटाव दूर करवा दिया था। शुक्रवार रात को वह परिवार सहित घर से बाहर था। तभी दोनों आरोपितों ने घर के पीछे के गेट व खिड़की के शीशे तोड़ दिए थे। आरोपित उसके बेटे के बारे में पूछ रहे थे।
उन्होंने बताया कि आरोपितों ने कई बार वाट्सएप पर काल कर बेटे को धमकी दी। तब वह बीमार था और एक निजी अस्पताल में दाखिल था। बेटे ने उसे इस मामले से अवगत नहीं कराया। 24 मई को रात 11:20 बजे सोमिल घर पर था। तभी आरोपितों ने वाट्सएप पर काल कर बेटे को जान से मारने की धमकी दी। उसकी पत्नी किरण ने मामले का पता चला तो आरोपितों की मोबाइल से काल रिकार्डिंग कर ली।
राजेश ने बताया कि आरोपितों से उसके बेटे व उसके स्वजनों को जान का खतरा है। उन्हें पुलिस सुरक्षा दिलाई जाए। सेक्टर 13-17 थाना पुलिस ने मामला दर्ज करके आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।