खेलो हरियाणा की अंबाला से छिनी मेजबानी, अब इन जिलों में होंगे मुकाबले, यह है वजह
अंबाला इस साल होने वाले खेलो हरियाणा प्रतियोगिता की मेजबानी नहीं करेगा। जिसके कारण अंबाला के खिलाड़ियों को दूसरे जिलों में जाकर खेलना होगा। खेलो हरियाणा के मुकाबले भिवानी गुरुग्राम फरीदाबाद हिसार कुरुक्षेत्र रोहतक तथा यमुनानगर में करवाए जाएंगे।
जागरण संवाददाता, अंबाला। खेलो इंडिया यूथ गेम्स से पहले खेलो हरियाणा के खेल मुकाबलों में अंबाला का नाम मेजबानी में नहीं है। हालांकि खेलो इंडिया फरवरी 2022 में होने हैं, जबकि अंबाला में तैराकी और जिम्नास्टिक प्रतियोगिताएं होनी तय हैं। इसी कारण अब ये मुकाबले भिवानी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, हिसार, कुरुक्षेत्र, रोहतक तथा यमुनानगर में करवाए जाएंगे। अंबाला के खिलाड़ियों को अन्य जिलों में मुकाबलों के उतरना होगा।
अंबाला कैंट के वार हीरोज मेमोरियल स्टेडियम में निर्माण कार्य चल रहे हैं। अंतरराष्ट़्रीय का आल वेदर स्वीमिंग पूल का निर्माण कार्य चल रहा है, जबकि अंतरराष्ट्रीय स्तर का ही पालीग्रास का फुटबाल मैदान का निर्माण भी किया जा रहा है। इसके अलावा इसी मैदान के चारों ओर सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक भी बनाया जाना है। दूसरी ओर करीब तेरह करोड़ की लागत से जो खेल छात्रावास बनाया गया है, उसमें एसडीएम कार्यालय चल रहा है। यदि अंबाला में खेलो हरियाणा के तहत कोई गेम आयोजित होती है, तो खिलाड़ियों को ठहराने में दिक्कत आ सकती है। माना जा रहा है कि एक या दो गेम्स का आयोजन यदि अंबाला को मिलता है, तो एक तरह से आयोजन करने का ट्रायल भी माना जा सकता है।
खेलो हरियाणा के तहत होने वाले ट्रायल रद
खेलो हरियाणा के तहत होने वाले ट्रायल रद्द कर दिए गए हैं, जबकि नई तिथियां जल्द ही घोषित होंगी। ऐसे में खिलाड़ियों को खेलो हरियाणा के तहत मुकाबले में उतरने के लिए काफी कम समय ही मिलेगा। करीब दस दिनों बाद 27 अगस्त से मुकाबले शुरु हो सकते हैं, जो 29 अगस्त तक चलेंगे। खेलो इंडिया से पहले प्रदेश की टीमों का गठन करने के लिए यह आयोजन हो रहे हैं, जिसके बाद चुने गए खिलाड़ियों के लिए ट्रेनिंग कैंप भी आयोजित किए जाएंगे।
पानीपत की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें