बस परमिट घोटाले के विरोध में जजपा ने परिवहन मंत्री के खिलाफ किया प्रदर्शन
जनता पार्टी (जजपा) के कार्यकर्ता रविवार को परिवहन मंत्री कृष्णलाल पंवार के आवास पर प्रदर्शन करने के लिए बढ़े। पुलिस ने उन्हें अनाज मंडी के गेट पर बैरिकेड लगा रोक दिया।
संवाद सूत्र, मतलौडा (पानीपत) : निजी बस परमिट घोटाले में जननायक जनता पार्टी (जजपा) के कार्यकर्ता रविवार को परिवहन मंत्री कृष्णलाल पंवार के आवास पर प्रदर्शन करने के लिए बढ़े। पुलिस ने उन्हें अनाज मंडी के गेट पर बैरिकेड लगा रोक दिया। कार्यकर्ताओं ने बेरिकेड तोड़ने का प्रयास किया, इस दौरान पुलिस के साथ झड़प भी हुई।
जिलाध्यक्ष सुरेश काला के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ता सुबह 10 बजे अनाज मंडी में इकट्ठा हुए। करीब एक घंटा बाद लगभग 200 कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए हाउसिग बोर्ड कॉलोनी स्थित परिवहन मंत्री कृष्णलाल पंवार के आवास की ओर बढ़े। मंडी गेट पर पुलिस ने सभी को रोक दिया। इससे प्रदर्शनकारियों का गुस्सा बढ़ गया, सरकार विरोधी नारेबाजी तेज हो गई। जजपा कार्यकर्ता प्रदेश सरकार को भंग करने और परिवहन मंत्री कृष्णलाल पंवार के इस्तीफे की मांग कर रहे थे। तहसीलदार विरेंद्र हुड्डा और डीएसपी विजेंद्र सिंह ने जजपा कार्यकर्ताओं को शांत कराया। उनसे ज्ञापन लिया। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि निजी बसों के टेंडर में करीब एक करोड़ रुपये का घोटाला हुआ है। इस मामले की जांच हाई कोर्ट के सीटिग जज से कराई जाए।
प्रदर्शन करने वालों में सुरेश काला, देवेन्द्र कादियान, फूलपति, डॉ. कर्ण सिंह मलिक, सुरेश भट्टी, गुरचरण सिंह, बलवान, कुलदीप सिंह, आजाद जागलान, चरण सिंह खैंची, नारायण सिंह, हरभजन सिंह, रविन्द्र देसवाल, अनमोल, सुरेन्द्र बांध, नरेन्द्र दहिया और अमित आदि मौजूद रहे।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप