बरसों बाद मिला घरवालों का ऐसा साथ : मनीष अग्रवाल
कोरोना की महामारी से बचने के लिए सबका घर में रहना बेहद जरूरी है।
जागरण संवाददाता, पानीपत :
कोरोना की महामारी से बचने के लिए सबका घर में रहना बेहद जरूरी है। सवाल यह उठ रहा है कि घर में रह कर करें तो क्या? जवाब में उद्यमियों से बात की तो उन्होंने बताया कि कैसे उन्होंने अपने दिनचर्या बिताई।
हरियाणा चैंबर ऑफ कॉमर्स के महासचिव मनीष अग्रवाल का कहना है कि लॉकडाउन के बाद मेरी दिनचर्या बिल्कुल बदल दी है। पहले मॉर्निंगवॉक पर जाता था। अब घर में ही व्यायाम शुरू कर दिया है। अनुलोम-विलोम, प्राणायाम और योग शुरू कर दिया। घर में पत्नी और बच्चों को यही सलाह देता हूं। सुबह उठने के बाद दूसरे देशों के ऑनलाइन न्यूज पेपर पढ़ने की आदत हो गई है। दैनिक जागरण की खबरें भी ऑनलाइन पढ़ने को मिल जाती है। इसे चैंबर के दूसरे पदाधिकारियों तक भी पहुंचाने का प्रयास रहता है। बच्चों के साथ कुछ समय बीत जाता है। लूडो और कैरम जैसे खेल जो लोग भूल गए थे वो अब एक बार फिर से घरों में प्रचलन बढ़ गया है। मैं भी बच्चों के साथ खेलता हूं। हार जीत की बाजी लग जाती है। बच्चों का व्यस्त रखना मुश्किल हो रहा है। परिवार के साथ पहले दो दिन घर को साफ सुथरा करने में बिताया। पहले के मुकाबले अधिक देर तक चैन की नींद पूरी कर रहा हूं। परिवार वालों को साथ पहली बार इतना समय दे पा रहा हूं। परमात्मा से यही प्रार्थना कर रहे हैं कि इस महामारी को जल्द से जल्द निष्प्रभावी कर दें। चैंबर ऑफ कॉमर्स के सभी गतिविधियां ऑनलाइन चला रहे हैं। कोरोना को लेकर जीएसटी और आयकर रिटर्न भरने के साथ-साथ नए नोटिफिकेशन की जानकारी ऑनलाइन चैंबर के सदस्यों को भी दे रहे हैं।