कुरुक्षेत्र के लाडवा पुलिस थाने में चोरी के आरोपित ने निगला जहर, मची भगदड़
कुरुक्षेत्र में जहर निगलने के बाद हालत बिगड़ते देख लाडवा पुलिस ने सरकारी अस्पताल में आरोपित को भर्ती करवाया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपित घर से ही कोई जहरीला पदार्थ खाकर आया
कुरुक्षेत्र/पानीपत, जेएनएन। कुरुक्षेत्र जिले में एक अलग ही तरह का मामला सामने आया है। एक चोरी के आरोपित ने पुलिस थाने में जहर निगल लिया। 26 क्विंटल चावल चोरी करने वाले चोरो शुभम पुत्र मेहर सिंह गांव बूबका थाना रादौर जिला यमुनानगर व गौरव पुत्र सुरेश कुमार गांव बुबका थाना रादौर जिला यमुनानगर को थाना लाडवा पुलिस द्वारा 14 जुलाई को गिरफ्तार किया था। जिन्होंने पुलिस द्वारा पूछताछ में बताया कि हमारे साथ चावल चोरी करने में रणदीप पुत्र जगीर सिंह गांव बन थाना लाडवा भी था।
लाडवा पुलिस ने गत देर रात्रि को टीम गठित कर गांव बन से बन निवासी रणदीप को गिरफ्तार कर थाना लाडवा में लाये थे, जिसने पुलिस कस्टडी में कोई जहरीली वस्तु खा ली थी। लाडवा पुलिस द्वारा जहरीली वस्तु खाने का शक होने पर उसे लाडवा के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। जहां से उसे कुरुक्षेत्र के एलएनजेपी अस्पताल रेफर कर दिया।
पुलिस द्वारा उसको आरोग्य हॉस्पिटल कुरुक्षेत्र में दाखिल करवाया गया है जिसका आरोग्य हॉस्पिटल कुरुक्षेत्र में इलाज चल रहा है। जब लाडवा थानाध्यक्ष राजपाल से जानकारी ली तो उन्होंने बताया कि चोरी के मामले में पुलिस उठाकर लाई थी। जैसे ही पुलिस टीम गिरफ्तार को लेकर थाना पहुंची तो उसकी तबीयत खराब होने लगी और उसे उल्टी भी लगी। हालत बिगड़ती देख उसे लाडवा सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। थानाध्यक्ष ने बताया की घर से ही आरोपी कोई जहरीला पदार्थ निगलकर आया था। अभी मामले की जांच की जा रही है।
वहीं आरोपित ने जहर किसी डर से निगल लिया या फिर किसी अन्य कारणों से इसकी पुष्टि तो आरोपित द्वारा बयान दिए जाने पर ही हो सकेगी। मगर पुलिस कस्टडी में इस तरह से आरोपित के जहर निगले जाने के कारण मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। पुलिस भी मामले को समेटने में जुटी है। चोरी के आरोपित किसी बड़ी वारदात में भी शामिल रहे हो सकते हैं, इसकी जानकारी भी पुलिस जुटा रही है।