अंबाला के जनसुई हेड में हादसा, दोस्तों के साथ नहाने गया युवक डूबा
दोस्तों के साथ जनसुई हेड पर नहाने के लिए गया युवक डूबा। युवक गांव मोहड़ा का रहने वाला है ओर गांव के ही दो दोस्तों के साथ जनसुई हेड पर आया था। नहर में अन्य युवकों को नहाता देख साहिल का भी हेड में नहाने का कर गया था मन।
अंबाला, जेएनएन। दो दोस्तों के साथ जनसुई हेड पर नहाने के लिए गया करीब 19 वर्षीय युवक डूब गया। युवक साहिल गांव मोहड़ा का रहने वाला है। दोपहर साढ़े तीन बजे गांव के ही अपने दोस्त मोहित व जितेंद्र के साथ हेड पर गया था। जब वह नहाने के लिए हेड पर बने घाट की सीढ़ियों पर पहुंचा तभी उसका पैर फिसल गया और नहर में जा गिरा।
शोर सुनकर उसके दोनों दोस्त मौके पर पहुंचे, मगर तब तक साहिल पानी के तेज बहाव में काफी आगे निकल चुका था। उधर, मामले की सूचना मिलते ही नग्गल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से साहिल को तलाशने के प्रयास किए गए मगर देर शाम तक युवक का कुछ पता नहीं चल पाया।
एक दिन पहले भी आए थे नहाने
हालांकि साहिल के दोस्त मोहित व जितेंद्र का कहना था कि वह एक दिन पहले यानी शुक्रवार को भी जनसुई हेड पर आए थे। मगर वे यहां किसी से अपनी पेमेंट लेने के लिए आए थे। शनिवार को भी पेमेंट के लिए आए थे। हेड पर काफी संख्या में लड़के नहा रहे थे। उन्हें देखकर साहिल का भी नहाने का मन कर गया और वह नहाने के लिए नहर की तरफ चला गया जबकि वह दोनों हेड पर लगी दुकान पर बर्गर खा रहे थे। जब साहिल नहर में उतरने के लिए वहां मृर्ति विसर्जन के लिए बने घाट की सीढ़ियों से नीचे उतरने लगा तभी उसका पैर फिसल गया और वह नहर में जा गिरा।
डूबने वाले युवक का अभी कुछ पता नहीं चल पाया है, तलाश जारी है। मगर उसके परिवार वालों को सूचित कर मौके पर बुला लिया गया था। रविवार को भी युवक की गोताखोरों से तलाश की जाएगी।
-सुभाष, जांच अधिकारी, नग्गल थाना।