इनेलो पर आप का निशाना, भाजपा पर भाई से भाई को लड़वाने का आरोप
इनेलो में चल रही उठापटक के बीच आम आदमी पार्टी भी कूद गई है। उन्होंने भाई से भाई को लड़वाने के लिए भाजपा को जिम्मेदार ठहराया। जानिए और क्या लगे आरोप।
जेएनएन, पानीपत: हरियाणा की राजनीति में पैठ बनाने की कोशिश में लगे दिल्ली के सीएम और आप के सुप्रीमों अरविंद केजरीवाल जल्द हरियाणा आएंगे और स्कूलों-अस्पतालों का दौरा करेंगे। आप के प्रदेशाध्यक्ष नवीन जयहिंद ने इस बात की पुष्टि करते हुए इनेलो पर भी निशाना साधा है। जानने के लिए पढि़ए दैनिक जागरण की ये खबर।
पानीपत में प्रेसवार्ता करते हुए आप के प्रदेशाध्यक्ष नवीन जयहिंद ने हरियाणा की राजनीतिक पार्टियों पर परिवाद का आरोप लगाया। उन्होंने कहा है हरियाण में चंद परिवार पूरे प्रदेश पर सालों से राज कर रहे हैं और जनता को लूट रहे हैं।
बोले-इनेलो की दुकान बंद
42 सालों से किसी भी पार्टी ने हरियाणा में स्कूल-अस्पताल, रोजगार, बिजली-पानी की राजनीति नहीं की है। प्रदेशाध्यक्ष ने इनेलो में चल रही उठा-पटक पर कहा कि इनेलो की दुकान बंद हो चुकी है। अभय चौटाला को जल्द ही जनता घर बैठा देगी।
आरोप: भाजपा के साथ मिले हैं अभय चौटाला
प्रदेशाध्यक्ष नवीन जयहिन्द ने अभय चौटाला पर भाजपा के साथ मिलकर अपने भाई अजय चौटाला व इनेलो सुप्रीमो को जेल भेजने का भी आरोप लगाया। कहा कि इनेलो पर सिर्फ एक परिवार का कब्जा है और इसी कुर्सी लड़ाई में देवीलाल की विचारधारा को भी भेंट चढ़ा चुके हैं। परिवारवाद की लड़ाई में कार्यकर्ता कुर्बान हो गए।
इन्होंने थामा आप का हाथ
पानीपत ग्रामीण विधानसभा से निर्दलीय चुनाव लड़े समाजसेवी राम रतन शर्मा को प्रदेशाध्यक्ष ने टोपी पहनाकर पार्टी ज्वाइन करवाई। समाज सेवी राम रत्न शर्मा ने पार्टी की विचारधारा से प्रभावित होकर पार्टी ज्वाइन की है।