आप नेता अशोक तंवर ने कहा, कांग्रेस को अब राहुल गांधी भी नहीं बचा सकते
आप के नेता अशोक तंवर कैथल पहुंचे। तंवर ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को अब खुद राहुल गांधी भी नहीं बचा सकते हैं। कांग्रेस में चल रही गुटबाजी को लेकर अशोक तंवर ने जमकर घेरा।
कैथल, जागरण संवाददाता। पंजाब कांग्रेस के पूर्व प्रधान सुनील जाखड़ के बाद अब हरियाणा के नेता कुलदीप बिश्नोई की भाजपा में शामिल होने की चर्चा ने जोर पकड़ा है। सीएम मनोहर लाल से मिलने के बाद भाजपा में शामिल होने के कयास लगाए जा रहे हैं। कुछ दिनों से लगातार चल रही हरियाणा कांग्रेस में खेमेबाजी से भी इसे जोड़कर देखा जा रहा है। वहीं, हरियाणा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष रह चुके आप नेता अशोक तंवर ने निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अब खुद राहुल गांधी कांग्रेस को नहीं बचा सकते।
आम आदमी पार्टी के नेता अशोक तंवर ने अपनी पुरानी पार्टी के नेतृत्व पर सवाल खड़े किए हैं। कहा कि कांग्रेस पर अब बड़े-बड़े चोर, डकैत और लुटेरों का कब्जा हो चुका है। राहुल गांधी के नेतृत्व से भी कुछ फर्क पड़ने वाला नहीं है। कांग्रेस के बारे में अब देश ने चर्चा करनी छोड़ दी है। राहुल भी डूबती कांग्रेस को बचा नहीं सकते। उनके पास न तो नेतृत्व है और न ही नीति। टीएमसी छोड़ने के सवाल पर अशोक तंवर ने कहा कि पांच महीने में उस पार्टी की कोई गतिविधि नहीं हुई थी। ऐसे में लंबे समय तक उसके साथ रहना सही नहीं था।
अशोक तंवर गांव क्योड़क में जिला बार एसोसिएशन के प्रधान एडवोकेट रविंद्र तंवर के निवास पर आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। यहां उन्होंने स्वतंत्रता सेनानी स्वर्गीय धर्मपाल तंवर की मूर्ति के अनावरण कार्यक्रम में की शिरकत और प्रतिमा पर फूल चढ़ाकर श्रद्धांजलि अर्पित की।
उन्होंने कहा कि निकाय चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरेगी। लोगों ने मन बना लिया है कि इस बार आम आदमी पार्टी को लेकर आना है ताकि राज्य में अच्छी व्यवस्था, शिक्षा, स्वास्थ्य व रोजगार मिले। आम आदमी पार्टी का चिन्ह निकाय चुनाव आयोग में पंजीकृत नहीं होने के सवाल पर तंवर ने कहा कि इस विषय पर चुनाव आयोग से बात होगी। कैथल विधायक द्वारा आम आदमी पार्टी की तुलना आतंकवाद से किए जाने के सवाल तंवर ने कहा कि आतंकवादी तो वह लोग हैं जो इस देश को जलाने का काम कर रहे हैं। हिंसा पैदा कर रहे हैं और देश को तोड़ने की कोशिश कर रहे हैं। आम आदमी पार्टी इस देश के प्रति समर्पित है।