पानीपत में दोस्तों से विवाद के बाद बिजली टावर पर चढ़ा युवक, 20 मिनट बाद पुलिस ने सुरक्षित उतारा
पानीपत के सिवाह बस स्टैंड के पास एक युवक 150 फीट ऊंचे बिजली के टावर पर चढ़ गया। पुलिस ने ...और पढ़ें

दोस्तों से विवाद के बाद बिजली टावर पर चढ़ा युवक। फोटो जागरण
HighLights
युवक पानीपत के सिवाह बस स्टैंड के पास टावर पर चढ़ा।
पुलिस ने 20 मिनट में युवक को सुरक्षित नीचे उतारा।
नशे में दोस्तों से झगड़े के बाद युवक टावर पर चढ़ा।
जागरण संवाददाता, पानीपत। सिवाह स्थित बस स्टैंड के पास रविवार को एक युवक करीब 150 फीट ऊंचे बिजली के टावर पर चढ़ गया। युवक को टावर पर चढ़ा देखकर आसपास के लोग और राहगीर मौके पर एकत्र हो गए। करीब 20 मिनट तक युवक टावर पर ही रहा। सूचना मिलने पर सेक्टर-29 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को समझाकर सुरक्षित नीचे उतार लिया।
सेक्टर-29 थाना प्रभारी एसआइ रोबिन ने बताया कि मूलरूप से बिहार का रहने वाला शिवम हाल में बरसत रोड पर किराये पर रहता है। वहीं पर एक कपड़ा गोदाम में काम करता है। युवक को नीचे उतारने के बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया। पूछताछ में युवक ने बताया कि रविवार को उसे अपने गांव जाना था। गांव जाने से पहले वह दो दोस्तों के साथ बैठकर शराब पी रहा था।
इसी दौरान किसी बात को लेकर उनके बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद के दौरान दोस्तों ने उसके साथ मारपीट कर दी। इससे नाराज होकर वह शराब के नशे में सिवाह बस स्टैंड पहुंचा और बिजली के टावर पर चढ़ गया। युवक के टावर पर चढ़ने की जानकारी मिलते ही पुलिस ने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आसपास के क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बंद कराई।
पुलिसकर्मियों ने काफी देर तक युवक से बातचीत की और उसे नीचे आने के लिए समझाया। करीब 20 मिनट की मशक्कत के बाद युवक धीरे-धीरे टावर से नीचे उतर आया। नीचे आने के बाद पुलिस ने युवक को शांत कराया और पूछताछ के लिए थाने ले गई। पुलिस मामले में युवक से घटना के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
