Jind में दो सगे मासूम बच्चों की दर्दनाक मौत, साइकिल से गिरे, वाहन ने रौंदा
जींद में गड्ढे की वजह से साइकिल से सड़क पर दो बच्चे गिर गए। पीछे से आ रहे वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। गुस्साए लोगों ने जाम लगा दिया।
पानीपत/जींद, जेएनएन। जींद में दो सगे भाईयों की दर्दनाक मौत का मामला सामने आया है। दोनों भाई साइकिल में बैठकर जा रहे थे। तभी गड्ढे की वजह से सड़क पर जा गिरे और पीछे से आ रहे वाहन ने उन्हें चपेट में ले लिया। दोनों की मौत हो गई। वहीं मौत से गुस्साए लोगों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। पुलिस नेे अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। वाहन चालक का पता लगाया जा रहा है।
गांव गुलकनी में शनिवार रात को तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने साइकिल सवार दो सगे भाइयों को रौंदने से मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गए। जींद-हांसी मार्ग पर जिस जगह पर हादसा हुआ वहां पर नाले का पानी भरने से गड्ढे बने हुए है। स्टेट हाईवे पर बने गड्ढों के विरोध में सोमवार को ग्रामीणों ने जाम लगा दिया। बाद में पीडब्ल्यूडी के एसडीओ कमल चौपड़ा व सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। जहां पर एसडीओ ने दो दिन में समाधान करने का आश्वासन देने पर ग्रामीणों ने जाम खोला। इस दौरान ग्रामीणों ने चेताया कि अगर दो दिन में समाधान नहीं हुआ तो जींद-हांसी मार्ग को अनिश्चितकाल के लिए बंद कर दिया जाएगा।
बर्गर खाने गए थे दोनों
पुलिस के अनुसार गांव गुलकनी निवासी राममेहर का बड़ा लड़का 19 वर्षीय आशीष उर्फ जयदीप, छोटा बेटा 14 वर्षीय विरेन शनिवार देर रात को गांव के बस अड्डे पर बनी फास्ट फूड की दुकान पर बर्गर खाने के लिए गए हुए थे। इस दौरान आशीष साइकिल को चला रहा था, जबकि उसका छोटा भाई विरेन पीछे बैठा हुआ था। जब वह जींद-हांसी मार्ग पर मंदिर के निकट सड़क पर भरे गंदे पानी से साइकिल को निकाल रहे थे। जब वह सड़क पर बने गड्ढों से साइकिल को निकाल रहे थे तो इसी दौरान हांसी की तरफ से तेज रफ्तार वाहन आया और उनके साइकिल को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर लगते ही आशीष सड़क पर भरे पानी में गिर गया और वाहन उसके ऊपर से निकल गया, जबकि विरेन को वाहन चालक काफी दूरी तक घसीटता हुआ ले गया। हादसे की आवाज सुनकर जब तक ग्रामीण मौके पर पहुंचते तब तक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो चुका था। इसके बाद दोनों भाइयों को वाहन के माध्यम से नागरिक अस्पताल में लेकर आए, लेकिन वहां पर चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतक के चचेरे भाई सोमबीर की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
दो सगे भाइयों की मौत से छाया मातम
राममेहर के बेटे आशीष व विरेन की सड़क हादसे में मौत का पता चलते ही पूरे गांव में मातम छा गया। अपने दोनों बेटों की मौत का पता चलते ही राममेहर की पत्नी सुनीता बेहोश हो गई। हादसे का जिसको भी पता चला उनकी आंखों में पानी हो गया। ग्रामीणों ने बताया कि राममेहर जींद में एक वर्कशॉप में नौकरी करता था। राममेहर को दो लड़के व एक लड़की थी। इस हादसे के बाद राममेहर की एक 17 वर्षीय बेटी अन्नू रह गई। अनू का भी दोनों भाइयों की मौत के बाद रो-रोकर बुरा हाल था।
गुस्साए लोगों ने लगाया जाम
सोमवार सुबह लोग एकजुट हुए। इसके बाद सभी जींद हांसी स्टेट हाईवे पर पहुंच गए। वहां सभी ने जाम लगा दिया। लोगों का आरोप था कि प्रशासन की वजह से हादसा हुआ। इसमें प्रशासन की लापरवाही है। कई बार शिकायत दी गई कि सड़क ठीक कराई जाए, लेकिन प्रशासन ने उनकी अनसुनी कर दी। इसके चलते गांव के दो बच्चों की मौत हो गई। जाम की सूचना मिलने पर पुलिस प्रशासन भी मौके पर पहुंचा, लेकिन गांव वाले जाम नहीं खोलने का तैयार हैं। करीब एक बजे जाम लगाया गया।