डॉक्टर का अश्लील वीडियो बना ब्लैकमेल कर रह थी किशोरी और महिला, और भी कई बेनकाब
डॉक्टर का अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेलिंग करने वाले लोगों का पर्दाफाश हो गया है। एक किशोरी सहित एक महिला और गिरफ्तार की गई। तीन लाख की रिकवरी भी हुई।
पानीपत/अंबाला, जेएनएन। अंबाला में एक डॉक्टर का अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने के मामले का पर्दाफाश हो गया। साथ ही कई लोग बेनकाब हो गए। डाक्टर की अश्लील वीडियो बनाकर चार लाख रुपये ऐंठने वाले मामले में रजनी और एक किशोरी को पुलिस ने और गिरफ्तार किया है। इन दोनों आरोपितों को शुक्रवार अदालत में पेश किया जाएगा। इस मामले में एक महिला समेत तीन लोग पहले से ही गिरफ्तार चल रहे हैं। जिनसे पुलिस रिमांड के दौरान तीन लाख रुपये बरामद कर लिये हैं। इस प्रकरण में कुल पांच लोग गिरफ्तार हो चुके हैं। सभी आरोपितों से पूछताछ जारी है कि इसमें और कौन कौन से लोग शामिल हैं। महिलाओं ने डाक्टर को फिर से ब्लैकमेल का प्रयास किया था। जिसके बाद वह एसपी के दरबार पहुंचा था।
बता दें कि काजीवाड़ा की महिला बच्चा न होने पर दवाई लेने के लिए डॉक्टर के पास गई थी। 23 जून को महिला ने डॉक्टर को कॉल कर कहा उसके पति बीमार हैं इसलिए वह घर आकर चेकअप कर दें। जब डाक्टर घर पर आया तो साजिश के तहत महिला ने वीडियो बना ली। इसी बीच होमगार्ड रामप्रकाश और महेंद्रपाल पुलिस कर्मी बनकर महिला के पक्ष में आ गया। डाक्टर को धमकाया कि दुष्कर्म के मामले में जेल में जाना पड़ेगा और बदनामी समाज में अलग होगी। दस लाख रुपये की डिमांड की गई और परेशान होकर डाक्टर ने चार लाख रुपये दे दिये। महिला ने जब दोबारा से ब्लैकमेल किया तो डाक्टर ने एसपी अभिषेक जोरवाल को शिकायत की। पुलिस ने आरोपित राम प्रकाश निवासी शान्ति नगर हिसार रोड अंबाला शहर, महिन्द्र पाल निवासी गांव जब्बो माजरा थाना गन्नौर जिला पटियाला पंजाब व आरोपित महिला सुदेश के खिलाफ मामला दर्ज कर मंगलवार को ही तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया था। इन्हीं आरोपितों से पूछताछ में पता चला कि गांव सौंडा की महिला और किशोरी भी ब्लैकमेलिंग में शामिल हैं। डीएसपी ने खुद जांच की जिसके बाद बृहस्पतिवार दो लोगों को गिरफ्तार किया गया।
दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें एक किशोरी और एक महिला है। इन लोगों से पूछताछ की जा रही है। ताकि तफ्तीश को आगे बढ़ाया जा सके।
राम कुमार, एसएचओ, थाना शहर।