अलाव ताप रहा मजदूर झुलसा, तमाशबीन रहे लोग Panipat News
पानीपत में ठंड की वजह से अलाव ताप रहा एक मजदूर झुलस गया। वह तड़पता रहा लेकिन कोई उसे बचाने के लिए आगे नहीं आया।
पानीपत, जेएनएन। पानीपत में एक मजदूर के साथ दर्दनाक हादसा हुआ। ठंड की वजह से अलाव ताप रहा मजदूर आग की चपेट में आ गया। सेक्टर-18 में पानीपत ग्रामीण विधायक महीपाल ढांडा की कोठी के पास अलाव की आग तेज करने के लिए थिनर डाल दिया। इसमें मजदूर झुलस गया। आधे घंटे तक पीडि़त की मदद के लिए कोई सामने नहीं आया। लोग तमाशबीन बने रहे। जब मजदूर के स्वजन पहुंचेे तो उसे अस्पताल ले गए।
उत्तर प्रदेश के जिला हरदोई के रोशनपुर गांव का संजय बाबरपुर में किराये पर रहता है और विधायक ढांडा की कोठी के पास चाय की रेहड़ी लगता है। रेहड़ी के पास ही आठ से दस लोग अलाव ताप रहे थे। आग मंद हो गई। संजय ने अपने पेंटर दोस्त से थिनर लिया और आग पर डाल दिया। वह फूंक मारने के लिए नीचे झुका तो अचानक आग की लपटें उठी और संजय चपेट में आ गया। इससे उसका चेहरा झुलस गया।
मौके से लोग भाग गए। संजय मदद के लिए चिल्लाता रहा, लेकिन उसकी किसी ने नहीं सुनी। बाद में बहन पूजा और राहगीर जगदीश ने घायल संजय को सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उसे मेडिकल कॉलेज खानपुर रेफर कर दिया। संजय की हालत नाजुक है।