चाकू की नोक पर महिला को पिलाई ऑल आउट, दंपति के खिलाफ केस दर्ज
रिफाइनरी टाउनशिप निवासी एक महिला पर उसके परिचित दंपती ने चोरी की वारदात स्वीकारने का दबाव बनाया। इंकार किया तो आरोपित दंपती ने उसे चाकू की नोक पर जबरन ऑल आउट पिला दी। दंपती महिला को बेसुध हालत में छोड़कर फरार हो गए। पड़ोसियों ने महिला को निजी अस्पताल पहुंचाया। बोहली चौकी पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
संवाद सूत्र, रिफाइनरी : रिफाइनरी टाउनशिप निवासी एक महिला पर उसके परिचित दंपती ने चोरी की वारदात स्वीकारने का दबाव बनाया। इंकार किया तो आरोपित दंपती ने उसे चाकू की नोक पर जबरन ऑल आउट पिला दी। दंपती महिला को बेसुध हालत में छोड़कर फरार हो गए। पड़ोसियों ने महिला को निजी अस्पताल पहुंचाया। बोहली चौकी पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
रिफाइनरी टाउनशिप निवासी सुरेश कुमारी ने बताया कि सोमवार दोपहर के समय वह घर पर अकेली थी। उसका पति प्रवीन उसके बेटे को घरौंडा में आयोजित किसी खेल प्रतियोगिता में हिस्सा दिलाने के लिए साथ लेकर गए थे। दोपहर लगभग 12 बजे सहेली कल्पना और उसका पति अशोक उनके घर आए। उसके ऊपर सोने की चेन चुराने का आरोप लगाकर वारदात स्वीकारने का दबाव बनाने लगे। सुरेश कुमारी ने चोरी करने की बात से इंकार कर दिया। आरोपित अशोक के कहने पर सहेली कल्पना ने उसके हाथ पकड़ लिए और अशोक ने उसे चाकू दिखाकर जबरन ऑल आउट की बोतल उसके मुंह में उड़ेल दी। इसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी और वह बेहोश होकर गिर पड़ी।
मुंह झाग निकलते देखे तो पड़ोसियों ने पहुंचाया अस्पताल
पड़ोसियों ने बताया कि दोपहर के समय प्रवीन का उनके पास फोन आया। पत्नी सुरेश द्वारा फोन न उठाने की बात कही। प्रवीन के घर पहुंचे, तो दरवाजे खुले पड़े थे। अंदर जाकर देखा तो सुरेश कुमारी सोफे पर बेसुध हालत में पड़ी थी। उसके मुंह से झाग निकल रही थी। टाउनशिप अस्पताल से प्राथमिक उपचार दिलाकर उसे सिवाह निकट स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। मंगलवार को महिला को होश आया तो उसने आपबीती परिजनों को बताई। वर्जन
सुरेश कुमारी की शिकायत के आधार पर आरोपित दंपती के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। जल्द ही आरोपित दंपती को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
राजपाल, बोहली चौकी इंचार्ज