विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पानीपत ड्रेन-1 पर 50 अवैध कब्जे चिह्नित, मिनी बाईपास के लिए JCB से हटेगा अतिक्रमण

Published: Tue, 01 Sep 2026 10:52 PM (GMT+05:30)

पानीपत में ड्रेन नंबर-एक के किनारे प्रस्तावित मिनी बाईपास रोड परियोजना के लिए 50 अवैध कब्जे चिह्नित किए गए हैं। ...और पढ़ें

ड्रेन-1 की जमीन पर 50 अवैध कब्जे चिह्नित, अब चलेगी जेसीबी

ड्रेन-1 की जमीन पर 50 अवैध कब्जे चिह्नित, अब चलेगी जेसीबी

HighLights

  1. ड्रेन-1 पर 50 अवैध कब्जे डीजीपीएस से चिह्नित

  2. मिनी बाईपास रोड परियोजना के लिए अतिक्रमण हटेगा

  3. पानीपत को मिलेगी नई लाइफलाइन, ट्रैफिक घटेगा

जागरण संवाददाता, पानीपत। ड्रेन नंबर-एक के किनारे प्रस्तावित मिनी बाईपास रोड परियोजना के लिए नगर निगम की कार्रवाई तेज होती जा रही है। डिफरेंशियल ग्लोबल पोजिशनिंग सिस्टम (डीजीपीएस ) मशीन से कराई गई नई पैमाइश में सेक्टर-11/12 और न्यू हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी क्षेत्र में करीब 50 अवैध कब्जे चिह्नित किए गए हैं।

इन कब्जों को हटवाने के लिए नगर निगम ने हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) के (ईओ) को पत्र भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि निशानदेही पूरी हो चुकी है। अब अवैध निर्माणों को हटाने की कार्रवाई चलेगी।

नगर निगम की टीम ने मंगलवार को देवी मंदिर क्षेत्र, राजीव कॉलोनी, छोटूराम चौक से लेकर बबैल नाका तक ड्रेन-1 की जमीन की विस्तृत पैमाइश की। सुबह से शाम तक चले अभियान में करीब 100 से अधिक स्थानों पर निशानदेही की गई। नई तकनीक से हुई पैमाइश में पहले की तुलना में अब अधिक अतिक्रमण सामने आए हैं। यही कारण है कि अब ड्रेन की भूमि को पूरी तरह
खाली कराने की तैयारी की जा रही है।

पवनांजली अस्पताल संचालक बोले- कौन सा सर्वे सही है कौन सा गलत

पैमाइश के दौरान पवनांजली अस्पताल भी चर्चा का विषय बना रहा। अस्पताल के सामने करीब 25 फीट और पीछे लगभग 17 फीट भूमि पर कब्जा पाया गया। वहीं, अस्पताल संचालक डा. पवन बंसल ने इस दावे पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि वर्तमान निशानदेही सही है तो वर्ष 2014 में हुई निशानदेही गलत थी और यदि 2014 की निशानदेही सही थी तो अब की गई पैमाइश पर प्रश्न उठता है। नगर निगम को संतुष्ट करने के लिए पूरी पारदर्शिता के साथ स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।

पैमाइश पूरी, अब फिर चलेगी जेसीबी

अधिकारियों का कहना है कि कब्जों की पैमाइश पूरी हो चुकी है। अब तोड़फोड़ की कार्रवाई होगी। बेहतर यही होगा कि लोग खुद कब्जों को हटा लें। जिन लोगों ने चालाकी दिखाते हुए निशान मिटा लिए हैं। इनमें एक स्कूल भी शामिल है। निगम के पास जो रिकार्ड है, उसके आधार पर तोड़फोड़ की जाएगी।

मिनी बाईपास की रूपरेखा तैयार

इधर, ड्रेन नंबर-1 के साथ बनने वाले मिनी बाईपास रोड की रूपरेखा को भी अंतिम रूप दिया गया। मेयर कोमल सैनी की अध्यक्षता में हुई बैठक में परियोजना के विभिन्न तकनीकी पहलुओं पर चर्चा की गई। तय किया कि पीडब्ल्यूडी कार्यालय से मित्तल मेगा माल रोड तक विकसित होने वाले इस मार्ग में 18 जंक्शनों का चौड़ीकरण और ट्रैफिक चैनलाइजेशन किया जाएगा।

गोलचक्कर, आधुनिक ट्रैफिक आइलैंड और सजावटी लाइटें लगाई जाएंगी, ताकि यातायात सुचारू संचालित हो सके। लोदी पार्क से बेरी मंडी रोड तक के हिस्से में जमीन कम होने के कारण ड्रेन-1 को कवर करके टू-वे सड़क विकसित की जाएगी। साथ ही ड्रेन की सफाई के लिए विशेष मैनहोल और एक्सेस प्वाइंट बनाए जाएंगे।

पानीपत को मिलगी नई लाइफलाइन

मेयर मेयर कोमल सैनी ने कहा कि यह परियोजना पानीपत के लिए नई लाइफलाइन साबित होगी। सड़क किनारे ग्रीन बेल्ट, व्यावसायिक गतिविधियां व आधुनिक सुविधाएं होंगी। इस बाईपास निर्माण से शहर के भीतर ट्रैफिक दबाव कम होने पर जाम से राहत मिलेगी। दूसरी ओर ड्रेन-1 की भूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जल्दी ही पूरी होगी।