कुरुक्षेत्र में फिर कबूतरबाजी, कनाडा भेजने का सपना दिखा ठगे 30 लाख रुपये
कुरुक्षेत्र के थाना पिहोवा पुलिस ने कनाडा भेजने के नाम पर एक युवक से धोखाधड़ी करने के आरोप में पुलिस ने दो महिलाओं सहित चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
कुरुक्षेत्र, जेएनएन। विदेश जाकर हर कोई पैसा और नाम कमाना चाहता है और इसी बात का फायदा उठाकर लोग कबूतरबाजी का खेल खेल रहे हैं। कुरुक्षेत्र के थाना पिहोवा पुलिस ने कनाडा भेजने के नाम पर एक युवक से धोखाधड़ी करने के आरोप में पुलिस ने दो महिलाओं सहित चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोपितों ने शिकायतकर्ता को विदेश भेजने का झांसा देकर 30 लाख रुपये हड़पे थे। पुलिस आरोपितों की तलाश में जुटी है।
अधोया रोड़ी प्लाट निवासी बलजिंद्र सिंह ने थाना पिहोवा में शिकायत दर्ज कराई कि वह अपने पुत्र मनप्रीत ङ्क्षसह को कनाडा भेजना चाहती थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात करनाल निवासी सुनील कुमार, बबीता, बिशन व सुलोचना के साथ हुई। आरोपितों ने कहा कि वे उसके पुत्र को कनाडा भेज देंगे। इसके लिए 30 लाख रुपये देने होंगे। शिकायतकर्ता ने आरोपितों को 21 लाख 35 हजार रुपये दिए। आरोपितों ने उसे कहा कि जल्द ही मनप्रीत का वीजा लग जाएगा। अक्टूबर 2018 में मनप्रीत को इंडोनेशिया भेज दिया गया। आरोपितों ने मनप्रीत को चार लाख रुपये के डालर दिए। इसके बाद पांच लाख रुपये सुनील को और दिए।
आरोपितों ने उसे कहा कि उसका वीजा ओवरस्टे हो गया है, इसलिए उसे साढ़े पांच लाख रुपये और देने होंगे। इंडोनेशिया से वह वापस भारत आ गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर चारों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच एसआइ बलविंद्र सिंह को सौंपी है। एसआइ बलविंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।