सौ दिन के रिकार्ड में 25 दिन अल्ट्रासाउंड
जागरण संवाददाता, पानीपत सिविल अस्पताल के रेडियोलॉजिस्ट विभाग के हालात बद से बदतर हो गए है
जागरण संवाददाता, पानीपत
सिविल अस्पताल के रेडियोलॉजिस्ट विभाग के हालात बद से बदतर हो गए हैं। फरवरी से अब तक 100 दिनों का रिकॉर्ड जांचें तो महज 25 दिन ही मरीजों के अल्ट्रासाउंड हो सके हैं। एक्स-रे विभाग में भी दोपहर 12 बजे के बाद मरीजों को इंकार किया जाता रहा है।
सिविल अस्पताल के अल्ट्रासाउंड विभाग में दो रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती है। इनमें डॉ. सुरेंद्र व डॉ. राजीव मान शामिल हैं। दोनों चिकित्सक व्यक्तिगत कारणों से लंबी छुट्टी पर रहते आए हैं। कभी पॉवर डाउन तो कभी स्टाफ नहीं, अल्ट्रासाउंड मशीन ठप ही रहती है। फिलहाल पांच दिनों से मशीन का प्रिंटर खराब है। दरवाजे पर एक कागज चस्पाकर, मरीजों को इसकी सूचना दी जा रही है। नतीजा, प्रत्येक दिन करीब 150 मरीज अल्ट्रासाउंड के बिना बैरंग लौट रहे हैं। इनमें 100 से ज्यादा महिलाएं शामिल रहती हैं। कोर्ट की तारीख, पोस्टमार्टम व नाइट ड्यूटी के कारण भी रेडियोलॉजिस्ट नदारद रहते हैं।
नतीजा, अल्ट्रासाउंड की वेटिंग बढ़ती ही जा रही है। पहले मरीजों का रजिस्ट्रेशन किया जाता है। इसके डेढ़ माह बाद उसे अल्ट्रासाउंड के लिए बुलाया जाता है। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आलोक जैन ने बताया कि प्रिंटर मरम्मत में करीब 50 हजार रुपये का खर्च आएगा। चार-पांच दिनों के भीतर मरम्मत करा दी जाएगी।