जिला में 181 दिनों बाद कोरोना के 22 केस, बुजुर्गों की संख्या अधिक
मंगलवार को 22 मरीजों की रिपोर्ट पाजिटिव आई है। नौ फरवरी के बाद संक्रमितों की यह सबसे बड़ी संख्या है। इनमें 13 मरीजों की आयु 50 वर्ष से अधिक है।
जागरण संवाददाता, पानीपत : जिलावासियों संभलकर.. कोरोना महामारी का प्रकोप पुन: बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं। हमारा उद्देश्य आपको डराना नहीं, सचेत करना है। मंगलवार को 22 मरीजों की रिपोर्ट पाजिटिव आई है। नौ फरवरी के बाद संक्रमितों की यह सबसे बड़ी संख्या है। इनमें 13 मरीजों की आयु 50 वर्ष से अधिक है।
इसराना में छह और बुडशाम में तीन केस मिले हैं। स्वास्थ्य विभाग ने 17 लोगों को स्वस्थ घोषित किया है। आंकड़ों की बात करें तो जुलाई के 31 दिनों में कुल 191 (6.16 केस प्रतिदिन) मिले थे और एक मरीज की मौत हुई थी। अगस्त के मात्र नौ दिनों में 122 (13 केस प्रतिदिन) मिले हैं और छह माह के बच्चे समेत दो की मौत भी हो चुकी है। कोविड-19 गाइडलाइन का पालन न किया गया तो महामारी विकराल रूप ले सकती है। जिला में अब तक इस महामारी से 680 मरीजों की मौत हो चुकी है।
एक्टिव केसों की संख्या 77 है। इनमें से 72 को होम आइसोलेशन में रखा गया है। एक मरीज सिविल अस्पताल में, चार निजी अस्पतालों में उपचाराधीन है। उधर, स्वास्थ्य विभाग की ओर से संपन्न 32 सत्रों में 738 लोगों को कोरोना रोधी डोज लगी है। जागरण सीख :
- घर से बाहर मास्क पहनकर निकलें।
-भीड़ वाले स्थान पर दो गज की शारीरिक दूरी बनाएं।
-हाथों को बार-बार सैनिटाइज करते रहें।
-बुखार-खांसी है तो कोरोना की जांच अवश्य कराएं।
-कोरोना के लक्षण मिलने पर खुद को आइसोलेट करें।
-कोरोना रोधी टीकाकरण का चक्र पूरा करें।