शिक्षा के हथियार से लड़कियां पा सकेंगी समानता का अधिकार
पानीपत में महिला दिवस के उपलक्ष्य में महिला जागरूकता पखवाड़ा के अंतर्गत परिवार परामर्श केंद्र पानीपत की ओर से जागरूकता शिविर लगाया गया।
जागरण संवाददाता, पानीपत : महिला दिवस के उपलक्ष्य में महिला जागरूकता पखवाड़ा के अंतर्गत परिवार परामर्श केंद्र पानीपत की ओर से जागरूकता शिविर लगाया गया। शिविर में जिनवाणी विद्या भारती के शिक्षकों व विद्यार्थियों ने भाग लिया। माता सीता रानी सेवा संस्था की ओर से पुरानी हाउसिग बोर्ड कॉलोनी में चलाया जा रहा है। केंद्र की परामर्शदात्री सुनीता ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की शुरुआत अमेरिका के न्यूयार्क से वर्ष 1908 में करीब 15000 महिलाओं ने काम करने के घंटे कम करने, बेहतर वेतन व मतदान के अधिकार के लिए किए गए आंदोलन से हुई थी। महिला दिवस महिला जागरूकता और सशक्तीकरण का आयोजन है। विभिन्न क्षेत्रों में महिलाओं के योगदान और उपलब्धियों की पहचान और सराहना करने के लिए पूरे विश्व में इस दिवस को मनाया जाता है। महिला दिवस के बारे में आधी से ज्यादा महिलाएं ही अनभिज्ञ हैं। जो चिता का विषय है। वहीं जिनवाणी विद्या भारती की मुख्य अध्यापिका नीलम ने भी बेटियों की शिक्षा पर जोर देते हुए कहा कि शिक्षा ही वह हथियार है, जिससे लड़कियां जागरुक होकर अपने समानता के अधिकार को प्राप्त कर सकती हैं।
इस मौके पर शंपा दास, मुकेश जागलान, नितिका, कोमल, हिमांशी, आयुषी, खुशी, उमंग, हर्ष, नैंसी, पारुल, खुशबू, तान्या मौजूद रही।