सीधे किसानों से बात करें प्रधानमंत्री : महंत त्रिकालदर्शी
राजा तो सिर्फ अपनी प्रजा का पालनहार है किसान पूरी सृष्टि का पालक है। भारत में किसानों का सत्ता से नाराज होना किसी भी स्वरूप में देश के हित में नहीं है।
जागरण संवाददाता, पानीपत : हरिद्वार में जूना अखाडा के महंत त्रिकालदर्शी शिवपुरी महाराज ने कहा कि अन्नदाता, भगवान का स्वरूप है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आंदोलनरत किसानों के साथ स्वयं बातचीत कर इस विवाद का स्थाई हल करना चाहिए। आंदोलन जितना ज्यादा लंबा होगा, उतना ही भाजपा को राजनीतिक नुकसान होगा
उन्होंने कहा कि राजा तो सिर्फ अपनी प्रजा का पालनहार है, किसान पूरी सृष्टि का पालक है। भारत में किसानों का सत्ता से नाराज होना किसी भी स्वरूप में देश के हित में नहीं है। यदि जल्द ही पीएम मोदी ने किसानों से वार्ता नहीं की तो इसका दुष्प्रभाव बंगाल, केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी के विधानसभा चुनाव में पड़ सकता है। महंत रविवार को श्री सिद्ध हनुमान मंदिर, महावीर दल में प्रेस वार्ता को संबोधित कर रहे थे।
विख्यात ज्योतिषाचार्य एवं हस्त रेखा विशेषज्ञ त्रिकालदर्शी शिवपुरी महाराज ने कहा कि श्री सतानत धर्म व संस्कृति पूरी दुनिया में सबसे प्राचीन है। उनका प्रयास रहेगा कि युवा पीढ़ी के अंदर सनातन संस्कृति का उदय हो, इसके लिए देश के सवा करोड़ घरों में श्री शिवपुराण व गंगा जल का प्रवेश करवाएंगे। इस धार्मिक कार्य में समाज के हर वर्ग का सहयोग लिया जाएगा। भारतीय किसान यूनियन के उत्तराखंड के प्रभारी त्रिकालदर्शी शिवपुरी महाराज ने कहा कि जब तक भारत का किसान व मजदूर सुखी नहीं होगा, भारत विकसित राष्ट्र नहीं बन सकता। किसानों व मजदूर के उन्नति करने पर ही भारत विश्व गुरु बनेगा।
इस दौरान धर्मेद्र सिंह, मोहन सिंह, जुगविद्र मलिक, अमित राठी, वास्तुविद रवींद्र कुमार, तेजबीर सिंह शेरा, सुनीत तनेजा, पंकज सेठी, शशि कपूर, मनोज कुमार मौजूद रहे।