दो सामूहिक दुष्कर्म पीडि़ताओं को नहीं मिला इंसाफ, पीएम और सीएम को ट्वीट कर पिता की गुहार Panipat News
भिवानी आईं दो किशोरियों से सामूहिक दुष्कर्म मामले में अभी तक दो पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार नहीं किया गया। किशोरियों के पिता ने सीएम और पीएम को ट्वीट किया है।
पानीपत, जेएनएन। भिवानी की किशोरियों से सामूहिक दुष्कर्म की घटना के 25 दिन बाद भी आरोपित दोनों पुलिसकर्मी गिरफ्तार नहीं हुए। बृहस्पतिवार को एक किशोरी के पिता ने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को ट्वीट कर शिकायत दी। मामले की एक लिखित शिकायत ट्वीट में जोड़कर अधिकारियों तक पहुंचाई है। दोनों पुलिसकर्मियों का नाम बताकर गिरफ्तारी की मांग की है। शुक्रवार को एसपी भिवानी को भी शिकायत दी।
पिता ने आरोप लगाया कि आरोपित पुलिसकर्मियों को बचाने के लिए महिला थाना पुलिस शिनाख्त नहीं करा रही। फरार चल रहे एएसआइ की धरपकड़ के लिए दबिश देने का हवाला देकर महिला थाना प्रभारी नीलम उनके चक्कर कटवा रही है। दूसरी ओर, ड्यूटी कर रहे आरोपित एसआइ को भी आज तक किशोरियों के सामने नहीं लाया गया। भिवानी के एसपी गंगाराम पुनिया ने दोनों पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया है। सीआइए पुलिस को जांच सौंपने का भी आश्वासन दिया है।
किशोरी के गांव और नानके में बिचौलिये काट रहा चक्कर
किशोरी के पिता ने बताया कि दुष्कर्म मामले में जीआरपी के जवानों का नाम आने के बाद से ही उनके ऊपर राजीनामे का दबाव बनाया जा रहा है। एक पुलिसकर्मी और पूर्व सरपंच कई बार उनके गांव के मौजिज लोगों से संपर्क कर चुके हैं। किशोरियों के नानके पक्ष में भी समझौते की सिफारिश की गई है।
तीन बार दिनभर थाने में बैठाए रखा परिवार
किशोरी के पिता ने एसपी के सामने पुलिसकर्मियों पर परेशान करने का आरोप लगाया। उसे, दोनों किशोरियों और परिवार के चार-पांच अन्य लोगों को शिनाख्त परेड के नाम पर दिनभर थाने में बैठाए रखने की बात कही। एसपी ने केवल एक बार उन्हें थाने में बुलाए जाने की जानकारी होने की बात कही।
ये था मामला
हिमाचल की दो लड़कियों को नशीला पदार्थ पिलाकर पानीपत में जीआरपी के एसआइ और एएसआइ ने सामूहिक दुराचार किया। इसके बाद उन्हें ट्रेन में बैठाकर रवाना कर दिया। मामले का पर्दाफाश होने पर दुष्कर्म के आरोप में फसे जीआरपी थाना में तैनात एसआइ और एएसआइ को अभी तक नहीं दबोचा गया।