ट्रांसपोर्टर की एक दिन की हड़ताल, चालान की वजह से किया एलान Panipat News
आल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस के जिला प्रधान धर्मबीर मलिक ने बताया कि बुधवार रात से ट्रांसपोर्टर 24 घंटे की सांकेतिक हड़ताल पर रहेंगे।
पानीपत, जेएनएन। मोटर व्हीक्ल एक्ट में संशोधन के बाद से लगातार ट्रकों के हो रहे चालान की वजह से आल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट ने हड़ताल की घोषणा की है। ट्रांसपोर्टर बुधवार रात से 24 घंटे की सांकेतिक हड़ताल करेंगे। ऑल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस के जिला प्रधान धर्मबीर मलिक ने बताया कि जिले के 30 ट्रकों के लगभग 9 लाख रुपये के चालान अन्य राज्यों में कट चुके है। नोटबंदी और जीएसटी से व्यापारियों के बर्बाद होने के बाद अब ट्रांसपोर्टरों के भी ऐसे ही हालात बनते जा रहे है। मोटर व्हीक्ल एक्ट में संशोधन करके सरकार ने जुर्माना राशि को दस गुणा तक बढ़ा दिया है। ये बातें ऑल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस के जिला प्रधान धर्मबीर मलिक ने ट्रांसपोर्टरों को कही।
सेक्टर 25 स्थित ट्रक यूनियन में मंगलवार को ट्रांसपोर्टरों की बैठक का आयोजन किया गया। प्रधान धर्मबीर मलिक ने मोटर व्हीक्ल एक्ट में संशोधन के बाद से आरटीओ पर अवैध वसूली करने का आरोप लगाया। प्रति ट्रक 10 हजार रुपये की मांग की गई। उन्होंने बताया कि दिल्ली- एनसीआर के ट्रांसपोर्टस ने सोमवार को दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन किया था। सरकार को जुर्माने की राशि कम नहीं होने पर अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी दी। उन्होंने बुधवार रात 12 बजे से गुरुवार रात 12 बजे तक सांकेतिक चक्का जाम किया जाएगा।