सेक्टर 24 के समता एंक्लेव में खुले में डाल रहे कूड़ा, लोग परेशान
सेक्टर 24 स्थित समता एन्कलेव में खुले में कूड़ा डाले जाने से लोग परेशान है। बदबू व मक्खी मच्छरों के चलते रहना दूभर हो चुका है। कूड़ा डालने वालों को रोकने पर विवाद करने के लिए उतारू हो जाते हैं।
जागरण संवाददाता, पानीपत : सेक्टर 24 स्थित समता एन्कलेव में खुले में कूड़ा डाले जाने से लोग परेशान है। बदबू व मक्खी मच्छरों के चलते रहना दूभर हो चुका है। कूड़ा डालने वालों को रोकने पर विवाद करने के लिए उतारू हो जाते हैं। उक्त समस्या के समाधान की तरफ जनप्रतिनिधि से लेकर निगम अधिकारी भी ध्यान नहीं दे रहे हैं। स्वच्छ पानीपत के नारे को पलीता लग रहा है। एन्कलेव वासियों ने प्रशासन से डस्टबिन रखवा कर समस्या के समाधान की मांग की है।
समता एन्कलेव वासी शालू, सपना, निर्मल, ऊषा व फारूक ने बताया कि मेन सड़क के किनारे पहले खाली जगह पर निगम की तरफ से एक डस्टबिन रखा गया था। लोग उसमें कूड़ा डालते थे। लेकिन कुछ दिन बाद टूटने पर निगम के कर्मचारी उसे उठा ले गए। वहां अब कोई डस्टबिन नहीं रखा गया। गलियों में रहने वाले लोग कूड़े को वहीं खुले में डाल रहे हैं। उनका कहना है कि खुले में कूड़ा डालने से गंदगी फैलने के साथ उससे आने वाली बदबू के कारण उनका रहना मुश्किल हो गया है। बेसहारा गोवंश के भी वहां आने से हादसे होने का भय बना रहता है। उन्होंने बताया कि कुछ दिन तक तो एन्कलेव में निगम के कर्मचारी घर घर से कूड़ा उठाने के लिए आए, लेकिन उसके बाद बंद कर दिया। ऐसे में मजबूरन उन्हें घर पर अपने स्तर पर सफाई वाले लगाने पड़ रहे हैं।