शराब पी फिर कर दी दोस्त की हत्या, रात भर कार में शव लेकर घूमते रहे Panipat News
यमुनानगर में एक युवक की हत्या कर दी गई। आरोपित रात भर शव को कार में लेकर घूमते रहे। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
पानीपत/यमुनानगर, जेएनएन। यमुनानगर के जठलाना में एक युवक की मौत का मामला सामने आया है। युवक की हत्या के बाद आरोपित रात भर शव को कार में लेकर घूमते रहे। आरोपित शव को ठिकाने लगाना चाहते थे। पुलिस ने दो आरोपितों को हिरासत में ले लिया है।
जठलाना में 39 वर्षीय राज सिंह की हत्या कर दी गई। उन्हेड़ी निवासी राज सिंह टैक्सी चलाता था। बड़े भाई सुरेंद्र ने बताया कि शाम को राज सिंह को उसका दोस्त राजीव घर से बुलाकर ले गया था। उसके साथ रजत और एक अन्य भी थे। रात करीब 11 बजे राजीव घर पर आया और कार की चाबी मांगी। वह कार लेकर चला गया।
कार ले जाने पर बाइक से किया पीछा
सुरेंद्र ने बताया कि जब उन्हें कार ले जाने के बारे में पता लगा, तो पड़ोसी की बाइक लेकर उसका पीछा किया। पहले राजीव के ट्यूबवेल पर गए। फिर बस अड्डे की ओर गए, लेकिन पता नहीं लगा। जठलाना की ओर से करीब एक बजे उन्हें अपनी कार आती दिखाई दी। कार राजीव चला रहा था।
पीछे की सीट पर था राज का शव
पीछे सीट पर राज सिंह का शव पड़ा हुआ था। राज सिंह के माथे पर चोट लगी थी और पीठ पर काफी ज्यादा खरोंच के निशान थे। आरोप है कि शराब पिलाने के बहाने राजीव व उसके दोस्त राज सिंह को लेकर गए थे। फिर उसकी हत्या कर दी। शव को खुर्द बुर्द करने की फिराक में वह घूम रहे थे।
जठलाना थाना प्रभारी ललित कुमार ने बताया कि एक्सीडेंट की सूचना मिलने पर पुलिस गई थी। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए शिकायत दी है। केस दर्ज कर लिया गया।