एसपी साहब सोमबीर के हत्यारों को गिरफ्तार नहीं कर रही पुलिस
अदियाना गांव के टेकराम ने बताया कि वह गत दो जुलाई को किसी काम से जींद गया था। शाम छह बजे 20 वर्षीय बेटे सोमबीर को कई युवक घर से बुलाकर ले गए थे। इसके बाद वह घर नहीं लौटा।
जागरण संवाददाता, पानीपत : अदियाना के ग्रामीणों ने मंगलवार को एसपी सुमित कुमार को ज्ञापन सौंपकर सोमबीर की हत्या आरोपितों चार महिलाओं सहित नौ लोगों की गिरफ्तारी की मांग की। परिजन सोमबीर की हत्या को लड़की के प्रेम प्रसंग की वजह से बता रहे हैं। एसपी ने उन्हें आश्वासन दिया कि दो दिन में हत्याकांड की गुत्थी सुलझा कर आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
अदियाना गांव के टेकराम ने बताया कि वह गत दो जुलाई को किसी काम से जींद गया था। शाम छह बजे 20 वर्षीय बेटे सोमबीर को कई युवक घर से बुलाकर ले गए थे। इसके बाद वह घर नहीं लौटा। तीन जुलाई को सुबह सोमबीर का शव सुंदर के धान के खेत में पड़ा मिला। उसके सिर, माथे व कोहनी पर कट के निशान थे।
लड़की को लेकर हुआ था विवाद
सोमबीर का एक महीने पहले लड़की को लेकर विवाद हुआ था। गांव में पंचायत हुई थी। बेटे को एक महीने के लिए गांव से निकाल दिया गया था। सोमबीर गोहाना में बहन सविता के पास चला गया। यहां भी लड़की के परिजनों ने उसकी हत्या का प्रयास किया था।
दो दिन में हत्या करने की दी थी धमकी
चार दिन पहले ही सोमबीर गांव लौटा था। तभी लड़की के परिजनों ने दो दिन में सोमबीर को हत्या करने की धमकी दी थी। इस रंजिश में लड़की के परिजन कुलदीप, सोमबीर, सतीश, बलबीर, सोमबीर, बिट्टू, बबली, सुनीता, रीना और सरोज ने सोमबीर की हत्या की है। थाना मतलौडा पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर रखा है। पुलिस ने आरोपितों की गिरफ्तारी तो नहीं की, जबकि पूछताछ के नाम पर कई निर्दोष युवकों की पिटाई की है।