कांग्रेस ने सत्ता के लिए षडय़ंत्र रच पूर्व सीएम ओपी चौटाला को भेजा था जेल: अभय चौटाला Panipat News
विधानसभा चुनाव से पहले संगठन को मजबूत करने के लिए इनेलो विधायक अभय चौटाला कार्यकर्ताओं के बीच पहुंचे। समालखा में उन्होंने विपक्ष पर भी निशाना साधा।
पानीपत, जेएनएन। इनेलो के विधायक अभय चौटाला ने कहा कि प्रदेश में सीएम अनेक दावेदार हैं। चाहे भूपेंद्र सिंह हुड्डा, कुमारी शैलजा, कैप्टन अजय यादव हो या म्हारे आला, लेकिन लोकसभा चुनाव में जनता ने धूल चटा दी। सीएम ख्वाब देखने से नहीं जनता के लिए काम करने से बनते हैं। कांग्रेस ने सत्ता के लिए पूर्व सीएम ओपी चौटाला के खिलाफ षडय़ंत्र रचकर जेल भेजा। अभय चौटाला समालखा में पार्टी कार्यकर्ता सम्मेलन में पहुंचे थे।
चौटाला ने कहा कि पूर्व सीएम ओमप्रकाश चौटाला कांग्रेस के षडय़ंत्र की सजा भुगत रहे हैं। उन्होंने किसी को सिफारिश या पैसे लेकर नौकरी नहीं दी थी, बल्कि योग्यता के आधार पर युवाओं को नौकरी मिली थी। कांग्रेसियों ने अपनी सत्ता बचाने के लिए यह सब रचा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस 10 साल तक सत्ता में रही। इससे छुटकारा पाने के लिए जनता ने भाजपा को मौका दिया, लेकिन उसने भी पिछले पांच साल में लोगों को जात-पात के नाम पर बांटने के सिवाय कुछ नहीं किया।
नौकरियों के नाम पर भाजपा गुमराह कर रही
अभय चौटाला ने कहा कि चुनाव को नजदीक देख जनता को विकास और नौकरियों के नाम पर गुमराह कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की गलत नीतियों के कारण आज किसान कर्जदार होता जा रहा है। फसल का समर्थन मूल्य बढ़ाने के नाम पर उसके साथ मजाक किया जाता है। प्रदेश में कानून व्यवस्था का बुरा हाल है। हर रोज लूट, हत्या, डकैती और दुष्कर्म जैसी घटनाएं हो रही है।
इनेलो से बेहतर कोई विकल्प नहीं
उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में खट्टर सरकार का जाना तय है और जनता के सामने विकल्प के तौर पर इनेलो से बेहतर कोई नहीं है। इस मौके पर शहरी अध्यक्ष लेखराज खट्टर, देवेंद्र सहरावत, रणधीर देहरा, कुलदीप राठी, कृष्ण दिवाना, सुमन मच्छरौली, सतपाल ऊझा, सुरेश करहंस, विजय पटवारी, रामकुमार सहरावत व सुभाष धीमान मौजूद रहे।