बिजली की कमजोर केबल व अघोषित कटों ने बढ़ाई परेशानी
करतार शाह नगर में केबल में फाल्ट के चलते 10 घंटे तक बिजली नहीं आई निगम अधिकारियों ने केबल जारी करने में छह घंटे लगा दिए
जागरण संवाददाता, पानीपत : गर्मी में बिजली की मांग बढ़ते ही निगम की कमजोर केबल और अघोषित कटों ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी। शहर के पॉश एरिया मॉडल टाउन के साथ लगते करतार शाह नगर में केबल के चलते 10 घंटे बिजली बंद रही। निगम अधिकारियों ने एक केबल जारी करने में ही छह घंटे लगा दिए। ऐसे में लोगों को दिनभर गर्मी में परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं उद्योगों और दूसरे क्षेत्रों में भी बिजली कटों से भारी परेशानी रही। जबकि बिजली निगम गर्मी के सीजन में 10 लाख यूनिट हर रोज अधिक खपत होने का दावा कर रहा है।
मॉडल टाउन मंडल की भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष माधवी वर्मा ने बताया कि करतार शाह नगर में ओम दुआ की गली की केबल में मंगलवार सुबह 10 बजे फाल्ट आ गया था। उन्होंने निगम अधिकारियों को सूचना दी, लेकिन देर तक कोई भी अधिकारी व कर्मचारी केबल देखने नहीं आया। उन्होंने निगम के बड़े अधिकारियों को फोन किया तो उन्होंने बिजली ठीक कराने की बजाय लोगों को ही दोषी ठहराना शुरू कर दिया। पार्टी पदाधिकारी के बारे में जानकारी दी तो अधिकारी ने मोबाइल में रिकॉर्डिंग तक करने की धमकी दे दी। स्थानीय लोगों के सख्त होने के बाद निगम कर्मचारी बिजली ठीक करने पहुंचे। वे इसके बाद केबल खराब होने की कहकर चले गए।
जेई ने केबल जारी कराने में लगा दिया आधा दिन
माध्वी वर्मा ने बताया कि बिजली निगम के जेई व दूसरे अधिकारियों ने मंगलवार सायं चार बजे केबल इश्यू की। इसके बाद कर्मी केबल लेकर पहुंचे। कॉलोनी में देर शाम को सात बजे बिजली आपूर्ति सुचारु हो सकी। उन्होंने आरोप लगाया कि केबल में जगह-जगह जोड़ लगाए गए हैं। इससे लाइन लॉस बढ़ने के साथ हादसा होने खतरा बना हुआ है।
शहर में अघोषित कटों ने किया परेशान
बिजली निगम के घोषित व अघोषित कटों ने लोगों को परेशान कर दिया है। शहर के इंसार बाजार, मॉडल टाउन व तहसील कैंप में दिनभर कट लगते रहे। व्यापारी राकेश चुघ ने बताया कि दिनभर हर एक घंटे में बिजली के कट लगे। कभी 15 तो कभी 20 मिनट तक बिजली गुल रही। ऐसी स्थिति में दुकान पर भी बैठ पाना मुश्किल हो गया।