जज साहब ! मेरठ वाले मुर्गे ले गए...ऐसा धोखा कर गए
उत्तर प्रदेश के मेरठ के दो दोस्तों ने काबड़ी स्थित डायमंड पोल्ट्री फार्म के मालिक से 12 लाख रुपये की कीमत के मुर्गे खरीदकर धोखाधड़ी कर ली। पीड़ित दो महीने तक थाने के चक्कर लगाता रहा।
जागरण संवाददाता, पानीपत : उत्तर प्रदेश के मेरठ के दो दोस्तों ने काबड़ी स्थित डायमंड पोल्ट्री फार्म के मालिक से 12 लाख रुपये की कीमत के मुर्गे खरीदकर धोखाधड़ी कर ली। पीड़ित दो महीने तक किला थाने के चक्कर लगाता रहा, लेकिन पुलिस ने सुनवाई नहीं की। अब कोर्ट के आदेश पर आरोपितों के खिलाफ पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।
गढ़ी सिकंदरपुर गांव निवासी चरणजीत ने बताया कि उसका काबड़ी, जाटल, बाबरपुर, बरसत रोड, करनाल और उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में डायमंड पोल्ट्री फार्म और गुरदेव फीड मिल है। उसने काबड़ी पावर हाउस के पास तेजबीर के मकान में कार्यालय बना रखा है। मेरठ के कस्बा मवाना के अनस और साटला गांव के शहजाद मुर्गे सप्लाई का काम करते हैं। जनवरी 2018 से दोनों आरोपित उससे मुर्गे ले जाते और नकद भुगतान कर देते थे।
दोनों ने अपने से परिजनों से मिलाया और उसका विश्वास जीत लिया। 4 अक्टूबर, 2018 को दोनों आरोपित उसके कार्यालय आए और काफी मुर्गे ले जाने की इच्छा जताई। वे 17 और 20 अक्टूबर को 12 लाख रुपये के मुर्गे ले गए। आरोपितों ने उसे 15 नवंबर को 12 लाख रुपये का चेक दे दिया। लेकिन बैंक में लगाया तो यह बाउंस हो गया। उसने कॉल की आरोपित शहजाद ने पहले बीमारी का बहाना बनाया और फिर कहा कि उसके खिलाफ परिवार के किसी सदस्य को गोली मारने पर थाने में 307 (हत्या के प्रयास) का मामला दर्ज है। वह 15 फरवरी 2019 तक नकदी लौटा देगा।
15 फरवरी के बाद उसने रुपये मांगे तो आरोपित शहजाद व अनस ने उसे धमकी दी कि अगर रुपये मांगे तो वे उसे झूठे केस में फंसवा देंगे। उसे जान से मारने की भी धमकी दी। किला थाना प्रभारी प्रवीन कुमार ने बताया कि अनस व शहजाद के खिलाफ धोखाधड़ी व जान से मारने की धमकी का मामला दर्ज कर लिया है।
दिल्ली से पंजाब तक के पोल्ट्री फार्म मालिकों को ठगा
चरणजीत का आरोप है कि अनस पोल्ट्री फार्म मालिकों को मुर्गे के मार्केट रेट से 50 पैसे से 1 रुपये तक ज्यादा रेट देता था। नकद भुगतान कर मालिकों का विश्वास जीत लेता था। जब साल के दो महीने रह जाते थे तो शहजाद के साथ मिलकर 12 से 20 लाख रुपये तक हड़प कर लेते थे। आरोपितों ने हरियाणा, दिल्ली, पंजाब और उत्तर प्रदेश के 10 से 12 पोल्ट्री मालिकों के साथ ठगी कर रखी है।
पुलिस अधिकारियों ने नहीं की सुनवाई, कोर्ट का दरवाजा खटखटाया
पीड़ित चरणजीत ने बताया कि उसने अनस व शहजाद की शिकायत सुबूत के साथ किला थाने में आठ बार की। पुलिस अधिकारियों से भी उसने गुहार लगाई, लेकिन आरोपितों के प्रभाव में उसकी सुनवाई नहीं की। इसके बाद उसने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। अब कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है।