दिल्ली के सीएम केजरीवाल पर ये कैसा आरोप, अब विधानसभा स्पीकर ने घेरा
हरियाणा में आकर डिस्पेंसरी का निरीक्षण करने का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। जहां एक ओर भाजपा सरकार की किरकिरी हो रही है, वहीं केजरीवाल के खिलाफ सरकार ने मोर्चा खोल दिया है।
पानीपत, जेएनएन। प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कंवर पाल गुर्जर ने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल सस्ती लोकप्रियता के लिए बाल पबाना की डिस्पेंसरी का निरीक्षण करने पहुंचे। ऐसा कोई ट्रेंड नहीं रहा है कि किसी प्रदेश का मुख्यमंत्री दूसरे प्रदेश में जाकर चेकिंग करें।
प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि सुर्खियों में रहने के लिए दिल्ली के मुख्यमंत्री ने ये कदम उठाया। दिल्ली में क्या कुछ हो रहा है पूरा देश जानता है। भाजपा कार्यकर्ताओं के विरोध पर उन्होंने कहा कि उनके संज्ञान में इस तरह का कोई मामला नहीं है। कंवरपाल गुर्जर सेक्टर 24 में नवनिर्मित गुर्जर भवन का उद्घाटन करने पहुंचे थे।
बच्चों को उच्च शिक्षा दिलाएं
उन्होंने गुर्जर समाज को आह्वान किया कि वे अन्य समाज के लोगों से मिलकर काम करें। बच्चों को उच्च शिक्षा दिलाएं। यह भी देश भक्ति है। अकेले नौकरियों पर काम चलने वाला नहीं है। 18 हजार चपरासी के पद के लिए 18 लाख लोगों ने आवेदन दिया। हमें नौकरियों भी लेनी हैं। इसके साथ ही महिलाओं को आगे लाना होगा। जिस समाज की महिलाएं आगे होती हैं वह तरक्की अधिक करता है। लड़की को पढ़ाने में एक चक्र तो खराब हो सकता है, लेकिन अगला चक्र ठीक हो जाएगा। महिलाएं ही बच्चों को शिक्षा के लिए प्रेरित करती हैं। गुर्जर समाज बेहतर काम कर रहा है, लेकिन दुनिया की स्पीड के साथ अपनी गति मिलानी होगी। हमें शिक्षा के साथ-साथ व्यापार उद्योग में रास्ते तलाशने होंगे। जाट, यादव, कंबोज समाज के लोग व्यापार उद्योग में ताल ठोंक रहे हैं। सभी समाज से मिलकर चलने पर ही तरक्की होगी।
ये था मामला
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कुछ दिन पहले ही हरियाणा के सीएम मनोहर खट्टर को मोहल्ला क्लिनिक देखने का आमंत्रण दिया। लेकिन जब वे नहीं आए तो केजरीवाल करनाल में डिस्पेंसरी निरीक्षण के लिए गए। केजरीवाल का आरोप है कि प्रशासन ने उन्हें पानीपत में ही रोक लिया। जो गलत है। उन्हें डिस्पेंसरी का निरीक्षण नहीं करने दिया।