तीरंदाज रिद्धि को सरकार ने दिये एक लाख
करनाल के डीसी डॉ. आदित्य दहिया ने तीरंदाज रिद्धि फोर को हरियाणा कन्या कोष से एक लाख रुपये की सहायता दी।
जागरण संवाददाता, करनाल : डीसी डॉ. आदित्य दहिया ने तीरंदाज रिद्धि फोर को हरियाणा कन्या कोष से एक लाख रुपये देकर सम्मानित किया। डीसी ने बताया कि हरियाणा सरकार ने लड़कियों के कल्याण व विकास के उद्देश्य से हरियाणा कन्या कोष की स्थापना की है। यह राशि एक व्यक्ति को एक ही बार दी जा सकती है। हरियाणा कन्या कोष के तहत गंभीर बीमारी में भी जरूरतमंद महिलाओं व किशोरियों को आर्थिक सहायता प्रदान करने का प्रावधान है लड़कियों को शादी के समय आर्थिक सहयोग देने का प्रावधान भी है। जिसे सरकार की अन्य किसी योजना के तहत कोई लाभ नहीं दिया जा सकता।
स्कूल मैनेजमेंट ने किया सम्मानित
बाबा रामदास विद्यापीठ कलवेहड़ी में तीरंदाजी में देश का नाम चमकाने पर रिद्धि फोर को सम्मानित किया गया। रिद्धि ने 9 से 12 जुलाई तक ताइवान में हुए एशिया कप स्टेज-3 वर्ल्ड रैंकिंग टूर्नामेंट में विश्व में व्यक्तिगत रूप से सातवां रैंक हासिल किया है। स्कूल के बच्चों ने तालियों से रिद्धि का हौसला बढ़ाया। रिद्धि ने मिक्स टीम में सिल्वर व टीम में में कांस्य पदक हासिल किया था। रिद्धि अब तक राष्ट्रीय स्तर पर 27 और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चार पदक हासिल कर चुकी है। स्कूल चेयरमैन वैद्य देवेंद्र बतरा, मैनेजर साबिया बतरा और प्रधानाचार्या नीनू आहूजा ने रिद्धि के उज्जवल भविष्य की कामना की। की। वैद्य देवेंद्र बतरा ने कहा कि रिद्धि प्रतिभा की धनी है। इस बेटी पर पूरे करनाल को गर्व है।