नाम बदलकर कर दी चार शादियां, बैंककर्मी बन लोगों से करता ठगी, पकड़ा गया
यह जालसाल बड़ा शातिर निकला। नाम बदलकर व फर्जी दस्तावेजों के आधार पर वह अब तक गैरकानूनी तौर पर चार शादियां रचा चुका है।
जेएनएन, पंचकूला। यह जालसाल बड़ा शातिर निकला। नाम बदलकर व फर्जी दस्तावेजों के आधार पर वह अब तक गैरकानूनी तौर पर चार शादियां रचा चुका है। वह लोगों को खुद को बैंक कर्मचारी बताकर जाल में फंसाता था और फिर ठगी करता था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। वह अब तक चार शादियां कर चुका है और दो महीने में 35 सिम कार्ड बदल चुका है।
आरोपित मनोज कुमार जगाधरी (यमुनानगर) के श्याम सुंदरपुरी का रहने वाला है। पुलिस ने उसे सात दिन के रिमांड पर लिया है। उससे बैंक की नकली मुहरें, लेटर पैड, आइकार्ड व आधार कार्ड और लोगों से धोखाधड़ी में ली गई रकम वसूल की जानी है। उसने पंचकूला, पंजाब, हिमाचल करीब 20-25 वारदात की हैं।
पंचकूला निवासी (मकान नंबर 857, सेक्टर-12) पुष्पिंद्र बंसल ने पुलिस में शिकायत की थी कि आकाश नाम का लड़का उसके शोरूम को बैंक के लिए किराये पर लेने आया था। इस दौरान उसने उसके 3 लाख 50 हजार रुपये चुरा ले गया। गत 26 दिसंबर को धारा 379 के तहत थाना सेक्टर-14 पुलिस ने केस दर्ज किया था। बंसल के शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरे में उसकी तस्वीरें कैद हो गई थीं।
वारदात के लिए बदल लेता था नाम
मामले की जांच कर रही क्राइम ब्रांच सेक्टर-19 के प्रभारी कर्मबीर सिंह की टीम ने साइबर सेल की मदद से आरोपित को पंचकूला के सेक्टर-5 बस स्टैंड से गिरफ्तार किया। इस दौरान पता लगा कि आकाश का असली नाम मनोज कुमार है और वह सावन गुप्ता, विवेक व आकाश के नाम से लोगों से ठगी करता था। पहले वह ऑनलाइन खाली पड़े शोरूम की डिटेल निकालकर उसके असल मालिक को फोन करके बातचीत करता था। बाद में शोरूम पर जाकर विजिट करता था। बैंकों की जाली लेटर पैड पर बैंक की जाली मुहर लगाकर शोरूम के मालिक को दे देता था और उनसे पैस ऐंठ लेता था। उसके बाद अपना मोबाइल व सिम बंद कर लेता था।