पार्किग में चार्ज कर सकेंगे अपनी ई-बाइक्स और इलेक्ट्रिक कार
शहर में इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने का फैसला किया गया है।
राजेश मलकानियां, पंचकूला : नगर निगम की ओर से पंचकूला को प्रदूषण रहित बनाने के लिए शहर में इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने का फैसला किया गया है। अब तक शहर में इलेक्ट्रिक वाहनों को चार्ज करने के लिए कोई स्टेशन नहीं था, इसलिए लोग वाहन भी कम खरीद रहे थे। परंतु चार्जिग स्टेशन बनने के बाद लोग इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा मिलेगा। नगर निगम द्वारा रेगुलेट की जा रही पार्किगों में चार्जिग स्टेशन बनाए जाएंगे। इस समय निगम द्वारा सेक्टर-8, 9 और 10 में पार्किग रेगुलेट की जा रही हैं। आंकड़ों के अनुसार ट्राईसिटी में लगभग 350 इलेक्ट्रिक कारें, हजारों ई-बाइक्स और स्कूटर हैं परंतु इस समय लोग घर से इलेक्ट्रिक वाहन लेकर उतना ही सफर कर पाते हैं जितनी चार्जिग होती है, क्योंकि उन्हें डर सताता है कि कहीं रास्ते में गाड़ी बंद न हो जाए। खुद ही कर रहे हैं अमल
नगर निगम द्वारा सेनिटेशन विग के लिए कुछ समय पहले मोटरसाइकिल लेने का निर्णय किया था परंतु पेट्रोल और पर्यावरण को बचाने के लिए 50 ई-बाइक्स लेने का फैसला किया गया था। दो दिन में निगम के पास यह 50 ई-बाइक्स पहुंच जाएंगी। 21 लाख 50 हजार रुपये की लागत से यह बाइक्स खरीदी गई हैं। यह ई-बाइक्स सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट, सफाई सुपरवाइजर, एनफोर्समेंट और स्वच्छ सर्वेक्षण में लगे कर्मचारियों के काम आएंगी।
फ्री होगी सुविधा
नगर निगम द्वारा यह चार्जिग सुविधा बिल्कुल फ्री होगी। यह सीएसआर के तहत खर्च करवाया जाएगा। इलेक्ट्रिक व्हीकल्स के लिए पूरी दुनिया में टाइम बेस चार्ज लागू है। यदि फास्ट चार्जर से भी व्हीकल को चार्ज किया जाए तो भी करीब डेढ़ घंटा चाहिए। जबकि सामान्य चार्जर से आठ घंटे तक लगते हैं। देश में ई-वाहन धीरे धीरे बढ़ रहे हैं। इलेक्ट्रिक कार के साथ बिजली से चलने वाले स्कूटर, टेंपो और बस भी सड़कों पर आ रही हैं। नगर निगम द्वारा प्रदूषण को कम और इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ाने के लिए 80 वाहन खरीदे गए हैं। साथ ही लोगों को इस तरफ बढ़ावा देने के लिए फ्री चार्जिग स्टेशन बनाए जा रहे हैं। निगम द्वारा फ्री वाईफाई, फ्री पार्किग की सुविधा पहले ही दी जा रही है।
-राजेश जोगपाल, प्रशासक, नगर निगम