पुरस्कार राशि में कटौती से खिलाड़ी नाराज, पुनिया, विनेश व योगेश्वर ने किया Tweet, विज ने कही यह बात
हरियाणा में खिलाड़ियों को दी जाने वाली पुरस्कार राशि में कटौती को लेकर खिलाड़ी खुलकर सामने आने लगे हैं। खिलाड़ियों ने ट्वीट कर इसका विरोध जताया है।
जेएनएन, चंडीगढ़। हरियाणा में खिलाड़ियों को दी जाने वाली पुरस्कार राशि में कटौती को लेकर खिलाड़ी खुलकर सामने आने लगे हैं। पहलवान बजरंग पुनिया, विनेश फौगाट व योगेश्वर दत्त ने इसका विरोध जताया है। कहा कि खिलाड़ी सरकार की नीतियों से खुश नहीं हैं। इसके बाद खेल मंत्री अनिल विज ने भी ट्वीट किया है। विज ने लिखा कि अगर कुछ गड़बड़ी है तो खिलाड़ी विभाग से बात कर सकते हैं।
पहला ट्वीट पहलवान बजरंग पुनिया ने किया। उन्होंने लिखा- मेरी हरियाणा सरकार से विनती है कि इस निर्णय पर दोबारा विचार करे। खिलाड़ी जब देश के लिए मैडल लाता है, वह देश की जीत होती है। यह एक दिन की मेहनत से नहीं पूरे जीवन की तपस्या से प्राप्त होता है। खिलाड़ियों को मिलने वाली राशि में कटौती करके उनके मानसिकता और आत्मसम्मान पे ठेस न पहुंचाए। मेरी सरकार से विनती है कि इस निर्णय पर फिर से विचार करे।
एक और ट्वीट कर पुनिया ने लिखा- हरियाणा के युवाओं ने देश को कई बेहतरीन मेडल दिए हैंं। भले ही एक छोटा सा राज्य है हरियाणा, पर यहां के खिलाड़ियों ने पूरे देश को कई बार गर्वित किया है। उनको मिलने वाली राशि में कटौती करके उनके मनोबल को न तोड़ा जाए। विनेश फोगाट ने भी उनका समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार की नीतियों से कोई भी खिलाड़ी खुश नहीं है।
विनेश ने सीएम आफिस व स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज को ट्वीट करते हुए लिखा- हर बार आप यही कोशिश में रहते हैं कैसे खिलाड़ियों को परेशान किया जाए। मैंने आज तक हरियाणा में खिलाड़ियों का इतना अपमान करने वाली सरकार नहीं देखी है। मैं पूछना चाहती हैं आपसे। आपने आज तक कितने खिलाड़ियों को प्राइज मनी और जॉब देने का काम किया है।
विनेश लिखती हैं- प्रिय सर लगता है जब आज से पांच साल पहले आप लोग आए थे तो यह क़सम ख़ाके आए थे हरियाणा में न तो खिलाड़ी छोड़ने हैं न ही उनका मान- सम्मान। चाहे वो खिलाड़ी छोटा हो चाहे बड़ा हो, आज कोई भी खिलाड़ी आपकी पॉलिसी से ख़ुश नहीं है।
ओलंपिनयन योगेश्वर दत्त ने भी प्राइज मनी में कटौती पर निराशा जताई। उन्होंने अनिल विज को ट्वीट कर लिखा खेल मंत्री जी खिलाड़ियों की प्राइज़मनी में कटौती करना बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है। प्राइज़मनी में कटौती करने का कारण खिलाड़ियों को बताओ। खिलाड़ी हरियाणा व देश का मान बढ़ाते हैं। उनका मनोबल बढ़ाओ जिसे वो आने वाले ओलंपिक में देश के लिए ज़्यादा से ज़्यादा पदक जीत सकेंं।
पहलवान गीता फौगाट ने भी अनिल विज को ट्वीट किया है। उन्होंने लिखा- कोई भी गेम्स हों उसमें सबसे ज़्यादा मैडल हरियाणा प्रदेश के खिलाड़ी जीतते हैं और प्रदेश का नाम रोशन करते हैं ऐसे में खिलाड़ियों की ईनामी राशि में कटौती करना क़तई सही नहीं है। इससे खिलाड़ियों का मनोबल टूटता है। मेरा सरकार से अनुरोध है की इस फ़सले पर दोबारा विचार करे।
खिलाड़ियों के ट्वीट के बाद खेल मंत्री विज ने भी ट्वीट किया है। उन्होंने लिखा कि खेल नीति के अनुसार ही पुरस्कार राशि वितरित की गई है। अगर कुछ गड़बड़ी है तो वे विभाग से बात कर सकते हैं। हमने अपने खिलाड़ियों का कभी अपमान नहीं किया।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप