Move to Jagran APP

कलराज बोले- भाजपा की जीत के वाहक कार्यकर्ता, हरियाणा की सभी सीटें जीतकर दिखाएंगे

लोकसभा चुनाव के लिए हरियाणा में भाजपा के चुनाव प्रभारी बनाए गए कलराज मिश्र यहां काम करने को लेकर बेहद उत्‍साहित हैं। उनका कहना है कि भाजपा हरियाणा की लोकसभा की सभी सीटें जीतेगी।

By Sunil Kumar JhaEdited By: Published: Mon, 07 Jan 2019 03:04 PM (IST)Updated: Mon, 07 Jan 2019 09:00 PM (IST)
कलराज बोले- भाजपा की जीत के वाहक कार्यकर्ता, हरियाणा की सभी सीटें जीतकर दिखाएंगे
कलराज बोले- भाजपा की जीत के वाहक कार्यकर्ता, हरियाणा की सभी सीटें जीतकर दिखाएंगे

चंडीगढ़, [जेएनएन]। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार में सूक्ष्म एवं लघु उद्योग मंत्री रह चुके भाजपा के कद्दावर नेता कलराज मिश्र हरियाणा में भाजपा के लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा के अभियान की अगुवाई करेंगे। वह सभी राज्‍य की सभी 10 लोकसभा सीटें जीतने का मंत्र लेकर हरियाणा आ रहे हैं। उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री पद के प्रबल दावेदारों में शामिल रहे कलराज मिश्र को भाजपा हाईकमान ने हरियाणा फतेह करने की जिम्मेदारी सौंपी है। कलराज मिश्र का कहना है कि भाजपा की जीत के वाहक व गुरुमंत्र की तरह हैं। भाजपा राज्‍य की सभी सीटें जीतेगी।

loksabha election banner

हरियाणा भाजपा के लोकसभा चुनाव प्रभारी कलराज मिश्र से दैनिक जागरण की बातचीत

भाजपा ने उन्हें लोकसभा चुनाव का प्रभारी बनाया है और उनके साथ मध्यप्रदेश के सहकारिता राज्य मंत्री रहे विश्वास सारंग को जोड़ा है। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के पूर्णकालिक प्रचारक रह चुके 76 वर्ष के कलराज मिश्र को राजनीति का लंबा अनुभव हासिल है।

भाजपा को नहीं मिल रही किसी भी दल से चुनौती, चारों तरफ मोदी ही मोदी

अपने राजनीतिक कौशल और सौम्य व्यवहार की बदौलत कलराज मिश्र ने राजनीति की लंबी पारी खेलकर कई बड़े मुकाम हासिल किए हैं। पेश हैं, हरियाणा की राजनीति पर उनसे दैनिक जागरण के स्टेट ब्यूरो प्रमुख अनुराग अग्रवाल की हुई बातचीत के प्रमुख अंश।

भाजपा हाईकमान ने आप पर बड़ा भरोसा जताया है। मिशन 2019 के तहत दस लोकसभा सीटें जिताने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसे पूरा करने हरियाणा कब आ रहे हैं?

- मैं यह जिम्मेदारी मिलने के बाद बेहद खुश हूं। पार्टी हाईकमान ने मुझ पर भरोसा जताया है। मुझे रविवार को हरियाणा के लोकसभा चुनाव प्रभारी का परिपत्र मिला। अब पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ बातचीत करूंगा। उनका जैसा निर्देश होगा, उसी हिसाब से हरियाणा का दौरा करूंगा। हां...इतना जरूर है, पार्टी कार्यकर्ता तैयारी रखें। हमें सभी 10 लोकसभा सीटें जीतनी हैं।

हरियाणा से आपका पुराना नाता है। आरएसएस के प्रचारक के नाते आप यहां आते रहे। किस तरह का अनुभव है आपका?

- मै जब जनसंघ में था, तब मुझे हरियाणा प्रवास का मौका मिलता था। यहां के पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं के साथ मुलाकात होती थी। तब हम राजनीति के साथ-साथ समाज सेवा के तमाम पहलुओं  पर चर्चा किया करते थे। आज मुझे उसी हरियाणा की जिम्मेदारी मिली है। तब में और अब में काफी कुछ बदल गया होगा। प्रदेश में आने के बाद कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें करूंगा। धीरे-धीरे समस्त फीडबैक लूंगा। हमें अपने कार्यकर्ताओं पर भरोसा है। वे जिस काम में लगते हैं, उसे अंजाम तक पहुंचाते हैं।

आपका राजनीति का लंबा अनुभव है। पांचवें साल में भाजपा को किस तरह की चुनौती मिल रही है?

- भाजपा को कोई चुनौती नहीं मिल रही। एकतरफा लहर है। लोग चाहते हैं कि भाजपा फिर से आए। यह स्थिति केंद्र में भी है और राज्यों में भी है। मोदी सरकार तमाम ऐसे फैसले ले रही है, जो सीधे तौर पर देश की अस्मिता को बढ़ाने वाले तथा आम जनता के हितों से जुड़े हैं। हरियाणा की ही बात करें तो यहां के लोग राजनीति में माहिर हैं। उन्हें कोई गलत ढंग से बरगला नहीं सकता। यहां के लोग बेहद जागरूक हैं और इसी का हमें फायदा मिलेगा।

प्रत्येक राजनीतिक दल की निगाह हरियाणा की दसों लोकसभा सीटों पर है। इन सीटों को जीतने के लिए आप कौन का गुरु मंत्र लेकर हरियाणा आ रहे हैं?

- हमारी जीत का गुरुमंत्र हमारे कार्यकर्ता हैं। हाईकमान ने राज्य की सभी 10 लोकसभा सीटें जीतने की जिम्मेदारी सौंपी है और हम अपने कार्यकर्ताओं के बूते यह करके दिखाएंगे। यदि कहीं कोई कमी है तो कार्यकर्ताओं से पूछकर ही उसे दुरुस्त किया जाएगा। उन्हीं से पूछेंगे कि हम कैसे जीत सकते हैं। मुझे हरियाणा आने दीजिए। फिर बात करते हैं।

आपने अभी तक उत्तर प्रदेश में लंबे समय तक काम किया। हरियाणा से सटे दिल्ली में भी काम करने का मौका मिला। उत्तर प्रदेश और दिल्ली की राजनीति का क्या अनुभव है?

- यह मानकर चलिए कि चारों तरफ सिर्फ भाजपा ही भाजपा है। दूसरा कोई नहीं। बाकी बातें हरियाणा आने पर होती हैं। मेरी तरफ से हरियाणा के समस्त लोगों को नया साल मुबारक कहिए।

----------

संघ के प्रचारक रहे कलराज मिश्र राजनीति के धुरंधर खिलाड़ी

कलराज मिश्र राजनीति के धुरंधर खिलाड़ी हैं। उनका जन्म 1 जुलाई 1941 को उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले के सैदपुर के मलिकपुर गांव में हुआ। मिश्र ने 1963 में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के प्रचारक के रूप में गोरखपुर से अपना राजनीतिक जीवन शुरू किया। जनता पार्टी की सरकार में पहली बार 1978 में उन्हें राज्यसभा का सदस्य बनाया गया। वह सबसे कम उम्र के राज्यसभा सदस्य बने थे।

वह भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी निभा चुके हैं।  वह भारतीय जनता पार्टी के उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। मिश्र 1986 से वर्ष 2002 तक तीन बार विधान परिषद के सदस्य रहे। उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार बनने पर वर्ष 1997 से 2000 के बीच वह कई महत्वपूर्ण विभागों में मंत्री पद पर रहे। 2002 से 2012 तक वह दो बार राज्यसभा के सदस्य चुने गए।

वर्ष 2012 में मिश्र ने लखनऊ पूर्वी विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ा और जीत हासिल की। 2014 में मिश्र देवरिया लोकसभा क्षेत्र से सांसद चुने गए और मोदी सरकार में सूक्ष्म एवं लघु उघोग ?मंत्री बने। भाजपा ने अब उन्हें संगठन में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपते हुए हरियाणा का लोकसभा चुनाव प्रभारी बनाया है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.